लखनऊ

Weather News:पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, आज भी कई जिलों में बारिश की चेतावनी

Weather News:बारिश और बर्फबारी ने उत्तराखंड में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आईएमडी ने आज भी राज्य के कई जिलों में बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर आज बिजली कड़कने का भी येलो अलर्ट जारी हुआ है।

less than 1 minute read
Jan 12, 2025
There is snowfall and rain in many areas of Uttarakhand today
उत्तराखंड के कई इलाकों में आज बर्फबारी और बारिश हो रही है

Weather News:देर रात से हो रही बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी से उत्तराखंड में ठंड चरम पर पहुंच गई है। शनिवार दोपहर के बाद ही राज्य में बादल छाने लगे थे। रविवार तड़के से राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश शुरू हो गई थी। सुबह होते-होते कई इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई थी। बारिश के कारण पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड से ठिठुर रहे हैं। राज्य में मसूरी से लेकर औली, चकराता और नैनीताल में बर्फबारी हुई है। पूरे पहाड़ सफेद बर्फ की चादर ओढ़े हुए हैं। अभी भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। नैनीताल में नए साल की पहली बर्फबारी से सैलानियों के चेहरों में खुशी है। स्थानीय लोग और सैलानी बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।

आज इन जिलों में बारिश के आसार

आईएमडी ने आज उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चम्पावत, अल्मोड़ा और नैनीताल में अनेक स्थानों पर बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा हरिद्वार और यूएस नगर जिले के कुछ स्थानों पर आज बारिश के आसार हैं। साथ ही राज्य में 2500 ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है।

चारधाम में भी बर्फबारी

उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है। बदरीनाथ, केदारनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, औली आदि स्थानों पर अच्छी खासी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के कारण राज्य के पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की खूब भीड़ लगी हुई है। इधर, चकराता में भी आज बर्फबारी हुई है। क्षेत्र के लौखंडी, कोटी-कनासर, जाड़ी, बुल्हाड़, देववन, केराड़ में बर्फ पड़ी है। नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर, धानाचूली, पहाड़पानी, रामगढ़, कसियालेख, मनाघेर, चोरलेख क्षेत्र की पहाड़ियां और खेत बर्फ के सफेद चादर से घिरे हुए हैं।

Published on:
12 Jan 2025 12:34 pm