लखनऊ

सोनभद्र मामले पर यूपी के नए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र ने साधा प्रियंका पर निशाना, अखिलेश ने किया पलटवार

शुक्रवार से सोनभद्र (Sobhadra) मामले पर खूब सियासत हो रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) ने धरने पर बैठकर सुस्त पड़़ी कांग्रेस में ऊर्जा भरने का काम किया है।

3 min read
Jul 20, 2019
Akhilesh Swatantra

लखनऊ. शुक्रवार से सोनभद्र मामले पर खूब सियासत हो रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने धरने पर बैठकर सुस्त पड़़ी कांग्रेस में ऊर्जा भरने का काम किया है। शनिवार को प्रियंका गांधी से पीड़ित परिवार के सदस्य खुद उनसे मिलने के लिए चुनार किले के करीब पहुंचे, जिसके बाद कांग्रेस महासचिव ने अपना धरना समाप्त कर लिया। लेकिन भारतीय जनता पार्टी उनपर हमले करने से बाज नहीं आई। सीएम योगी, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, केशव प्रसाद मौर्य व भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष ने तो कांग्रेस को लाशों पर राजनीति करने वाला तक कह दिया। मामले में समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा।

संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करना सही नहीं - डिप्टी सीएम

यूपी के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि सोनभद्र में धारा 144 लागू है। लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस महासचिव प्रियंका वहां के लोगों से मिलने गईं। ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए।

कैसे करेंगी संघर्ष प्रियंका - केशव मौर्य

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रियंका पर हमला किया। शुक्रवार शाम को गेस्ट हाउस में बिजली व पानी की समस्या उत्पन्न होने की बात पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से ऐसा कुछ नहीं किया गया है, लेकिन अगर इतनी सी भी मुश्किल प्रियंका सह नहीं पाएंगी तो आगे संघर्ष कैसे करेंगी।

इस कांड की नींव कांग्रेस के शासनकाल में ही पड़ गई थी- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम योगी के ही बयान को दोहराते हुए कहा कि सोनभद्र में नरसंहार कांग्रेस के कुकर्मों का नतीजा है। लाशों पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत है। प्रियंका पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद माहौल खराब कर रही हैं जिस पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है। गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रियंका गांधी के धरने पर बैठने के बाद सीएम योगी ने सोनभद्र में हुई घटना का ठीकरा कांग्रेस पर ही फोड़ दिया था और कहा कि इस कांड की नींव कांग्रेस के शासनकाल में ही पड़ गई थी।

कांग्रेस सत्ता में रहते मौत व भ्रष्टाचार पर करती रही है नंगा नाच- स्वतंत्र देव सिंह

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 16 जुलाई की घटना दुखद है। प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब भी सत्ता में रही है, मौत व भ्रष्टाचार पर नंगा नाच करती रही है। इसी नीति के तहत प्रियंका वाड्रा धरने पर बैठने का नाटक कर रही हैं। उनकी हरकते गरीबों की पीड़ा पर राजनीतिक रोटियां सेकने जैसी है।

सोनभद्र हत्याकांड के लिए भाजपा जिम्मेदारी- अखिलेश

समजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान जारी कर कर कहा कि राज्य सरकार अपनी अक्षमताओं पर पर्दा डालना चाहती है। सपा के जांच दल को पीड़ितों से नहीं मिलने दिया जिससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार अपने पापों को छुपाना चाहती है। सोनभद्र हत्याकाण्ड के लिए पूरी तरह जिला व पुलिस प्रशासन के साथ-साथ भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

सरकार छिपा रही अपनी विफलताएं- मायावती

अखिलेश के सुर में सुर मिलाते हुए बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने कहा कि यूपी सरकार जान-माल की सुरक्षा व जनहित के मामलें में अपनी विफलता को छिपाने के लिए धारा 144 का सहारा लेकर किसी को सोनभद्र जाने नहीं दे रही है। उन्होंने कहा पीड़ितों की मदद के लिए बसपा विधानमण्डल दल को निर्देश दिए गए हैं।

Published on:
20 Jul 2019 05:47 pm
Also Read
View All