लखनऊ

‘अखिलेश यादव CM योगी के सामने कान-नाक पकड़ कर चरण छुएं’, समाजवादी पार्टी के प्रमुख पर क्यों भड़के संत?

CM Yogi and Akhilesh Yadav Latest News: समाजवादी पार्टी के AI वीडियो को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीडियो के जरिए योगी सरकार पर निशाना साधा, जिसके बाद बीजेपी ने पलटवार करते हुए सपा पर छवि खराब करने का आरोप लगाया। वहीं संत समाज की ओर से भी वीडियो को लेकर नाराजगी जताई गई है।
3 min read
Sep 01, 2026
sp ai video yogi adityanath akhilesh yadav bjp reaction
अखिलेश यादव और सीएम योगी। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

CM Yogi and Akhilesh Yadav Latest News: उत्तर प्रदेशकी राजनीति में AI वीडियो को लेकर समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी की ओर से एक AI वीडियो जारी किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया। यह वीडियो सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिखाया गया। वीडियो चलाए जाने के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत वहां मौजूद लोग हंसते हुए नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद BJP ने समाजवादी पार्टीपर पलटवार किया और आरोप लगाया कि पार्टी AI के जरिए BJP की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।

सपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाया AI वीडियो

समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित एक AI वीडियो दिखाया गया। पार्टी ने इस वीडियो के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाए। वीडियो के प्रसारण के दौरान अखिलेश यादव सहित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सपा नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई। इसके बाद यह वीडियो राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।

बीजेपी ने लगाया ‘नया नैरेटिव’ गढ़ने का आरोप

सपा के AI वीडियो पर बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लगातार बीजेपी की छवि खराब करने के लिए नए नैरेटिव तैयार करने की कोशिश कर रही है। राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा झूठ फैलाने और अलग-अलग तरह की खबरें गढ़ने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, AI वीडियो भी इसी रणनीति का हिस्सा हैं।

‘झूठ के पांव नहीं होते’

बीजेपी प्रवक्ता ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठ लंबे समय तक नहीं टिक सकता। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान और आरक्षण को लेकर विपक्ष की ओर से किए गए दावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी AI के जरिए कितने भी वीडियो बनाकर बीजेपी की छवि खराब करने का प्रयास कर ले, इससे पार्टी की छवि पर असर नहीं पड़ेगा। बीजेपी नेता ने दावा किया कि पार्टी की छवि जनता के बीच मजबूत है।

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना

दूसरी ओर, अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और स्कूलों को बंद किए जाने सहित विभिन्न मामलों पर सरकार से सवाल किए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए AI के माध्यम से वीडियो तैयार करवा सकती है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार AI के जरिए समाजवादी पार्टी को घेरने की कोशिश करेगी तो उनकी पार्टी इस मोर्चे पर पीछे नहीं रहेगी।

‘बच्चों के खेल न खेले सरकार’

अखिलेश यादव ने सरकार को AI को लेकर चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष को बदनाम करने के लिए ‘बच्चों के खेल’ न खेले। अखिलेश ने दावा किया कि AI के मामले में समाजवादी पार्टी सरकार से काफी आगे है। इसी दौरान पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित AI वीडियो भी दिखाया गया।

‘अखिलेश यादव को माफी मांगनी चाहिए’

हालांकि वीडियो सामने आने के बाद महामंडलेश्वर विष्णु दास जी महाराज ने अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए यह भी कहा कि अगर AI के जरिए वीडियो बनाए जा रहे हैं तो क्या वह कट्टरपंथी मौलानाओं, आतंकवाद और मदरसों से जुड़े मुद्दों पर भी ऐसे वीडियो बना सकते हैं। उन्होंने कहा, '' अखिलेश यादव को अयोध्या आकर 108 डुबकी लगाकर हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए और सीएम योगी के चरणों में अखिलेश यादव को जाना चाहिए। कान-नाक पकड़कर योगी जी के चरणों को छूना चाहिए।''

Updated on:
01 Sept 2026 04:17 pm
Published on:
01 Sept 2026 04:17 pm