
लखनऊ. समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के मजबूत होते गठबंधन ये उत्तर प्रदेश के बदल रहे सियासी समीकरणों को बड़ा झटका लगा है। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने सपा-बसपा के किले को भेदकर कई बड़े नेताओं को पार्टी में शामिल कराया। हालांकि करीब आधा दर्जन अपने ही दलित सांसदों ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा बगावती सुर अपनाकर उसकी मुसीबत बढ़ा रखी है। लेकिन इस बीच सपा-बसपा के दलित और पिछड़े नेताओं को अपने पाले में करके बीजेपी को कुछ चैन तो जरूर मिला होगा।
28 नेता बीजेपी में शामिल
सोमवार को सपा और बसपा को बड़ा झटका देते हुए उसके एक-एक पूर्व सांसद, एक पूर्व विधायक, एक पूर्व एमएलसी, कई पूर्व प्रत्याशी और नगर पालिका परिषदों के चेयरमैन समेत 28 नेताओं ने बीजेपी का दामन थामा। इन नेताओं के साथ बड़ी संख्या में इनके समर्थकों ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने खुद सपा-बसपा के इन नेताओं को बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बीजेपी की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि बीजेपी में शामिल हुए ये सभी नेता आने वाले दिनों में पार्टी को और मजबूत करेंगे।
इन नेताओं ने सपा को कहा अलविदा
बीजेपी में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में हरदोई के पूर्व सपा सांसद जय प्रकाश रावत, पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश उर्फ जिप्पी तिवारी, पूर्व एमएलसी हीरा ठाकुर, सपा के प्रवक्ता संजीव मिश्रा, सीतापुर के सांडा के ब्लॉक प्रमुख सपा के कृष्ण कुमार वर्मा, पूर्व एमएमलसी हीरा ठाकुर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख दादरी बिजेन्द्र सिंह, महमूदाबाद के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामलाल यादव और राम कुमार वर्मा, लहरपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख परमेश्वर भार्गव, जिला सहकारी बैंक सीतापुर के पूर्व अध्यक्ष नीरज वर्मा, जिला पंचायत सीतापुर की पूर्व अध्यक्ष मधु गुप्ता और वरिष्ठ कार्यकर्ता मालती सिंह शामिल हैं।
बसपा के ये नेता बीजेपी में शामिल
मिश्रिख के पूर्व बसपा सांसद अशोक रावत, उन्नाव से बसपा के विधानसभा प्रत्याशी पंकज त्रिपाठी, रनिया से बसपा प्रत्याशी रहे सतीश शुक्ला, भोगनीपुर से बसपा प्रत्याशी रहे धर्मपाल सिंह भदौरिया, सिकंदरा से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी महेन्द्र कटियार और गाजीपुर महाविद्यालय के राजनीतिक विज्ञान के विभाग के अध्यक्ष सोमनाथ यादव बसपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं। इसके साथ ही आगरा से राष्ट्रीय लोक दल के महानगर अध्यक्ष सुभाष गोयल ने भी बीजेपी का दामन थामा है।