
Mohibullah Nadvi CM Yogi Adityanath:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवारवाद पर दिए बयान पर समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने तीखा हमला बोला है। मोहिबुल्लाह नदवी ने योगी पर तंज कसते हुए कहा कि जिसका परिवार नहीं, वह पारिवारिक मूल्यों को क्या समझेगा। वहीं, मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस और सपा पर परिवारवाद का आरोप दोहराते हुए कहा कि दोनों दल अपने-अपने परिवारों तक सीमित हैं।
दिल्ली में सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि परिवारवाद की बात करें तो जितना बड़ा किसी व्यक्ति का परिवार होता है, उतना ही वह मानवता से जुड़ा होता है। वह रिश्ते निभाना समझता है। जिन्होंने परिवार नहीं बसाया, वे परिवार से जुड़े मानवीय मूल्यों, उसके महत्व और संस्कृति को नहीं समझ सकते। हमारे शास्त्र, वेद सहित कहते हैं कि व्यक्ति परिवार के साथ ही पूर्ण होता है, क्योंकि जिसके बच्चे नहीं होते, वह बच्चों के दर्द को नहीं समझ सकता। नदवी के इस बयान को योगी आदित्यनाथ की व्यक्तिगत जीवनशैली पर तंज के रूप में देखा जा रहा है।
आपको बता दें कि मिर्जापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद सत्ता संभालने वाले दिशाहीन थे। उनका कोई स्पष्ट विजन नहीं था और सब कुछ परिवारों के इर्द-गिर्द घूमता था। चाहे कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, दोनों अपने-अपने परिवारों तक सीमित हैं। कांग्रेस नेहरू परिवार पर केंद्रित है, जबकि सपा सैफई परिवार तक सीमित है। उन्होंने राज्य की जनता को उपेक्षित महसूस कराया, इसलिए लोगों ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया।
सीएम योगी ने राज्यसभा नामांकन का भी जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में राज्यसभा में ‘पीडीए-पीडीए’ का शोर मचाया गया, लेकिन नामांकन में अपने ही परिवार के सदस्य (चाचा जान) और मुंबई के एक अमीर व्यापारी को टिकट दिया गया।
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में सत्ता और विपक्ष के बीच बयानबाजी का दौर चल रहा है। यूपी की राजनीति में परिवारवाद बनाम सुशासन के मुद्दे को फिर से गर्म कर रहा है। सपा इसे व्यक्तिगत हमला बता रही है, जबकि भाजपा इसे विपक्ष की असली सोच बता रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पक्ष अपने-अपने नैरेटिव को मजबूत करने में जुटे हैं।