कानून व्यवस्था सुधरी, नौ नवम्बर को मंदिर निर्माण के ऐतिहासिक फैसले पर कोई चूं नहीं बोल पाया
लखनऊ। संविधान दिवस के मौके पर मंगलवार को उत्तरप्रदेश विधान मंडल में एक दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया गया। सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समता, बंधुता ने हमारे संविधान को पूरे विश्व में मजबूत किया है। सीएम ने सपा पर कटाक्ष किया। कहा- पार्टी अलग है, सरकार अलग। हमने भाजपा एंबुलेंस सेवा नाम से कोई योजना नहीं शुरू की। मैं रामराज्य का समर्थक हूं। यह देश गांधीजी के रामराज्य पर चलता है। हम उसको ही लेकर चल रहे हैं। विधानसभा में सबसे पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अभिभाषण में अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नौ नवम्बर को सर्वोच्च न्यायालय के निर्माण को लेकर जो आदेश आया, उससे पहले कहा जा रहा था कि हालात नियंत्रित करना कठिन होंगे, पर कोई चूं नहीं बोल पाया।
पूर्वाह्न में विधान परिषद में और शाम को विधानसभा में सीएम योगी ने कहा कि संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकरजी के विरोध के बावजूद अनुच्छेद 370 का नियम बनाया गया था। लेकिन उस समय की सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उसके बाद लागतार कश्मीर की स्थित खराब होती गई। अनुच्छेद 370 हटाने की कार्रवाई को किसी ने पूरा करने की हिम्मत नहीं की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वो हिम्मत दिखाई। जम्मू कश्मीर में भी देश का कानून लागू होगा। यह विकास के लिए जरूरी था। पाक अधिकृत कश्मीर के लिए अमित शाह ने कहा है कि वह भी भारत में होगा। जम्मू कश्मीर अब सच में भारत का स्वर्ग होगा।
विपक्ष के हंगामे के बाद सदन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह वर्ष उत्तर प्रदेश के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण था। देश में कई गठबंधन होने के बावजूद भाजपा सरकार पर लोगों ने भरोसा किया। पहले एक्सप्रेस वे भी खेल होता था। हमने पीएफ घोटालें पर कर्मचारियों से वादा किया है, हम कर्मचारियों का पैसा पूरा वापस करेंगे। साथ ही जो भ्रष्ट हैं उनपर कार्यवाही भी होगी। उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 47 लाख लोगों को उज्वला योजना के अंतर्गत गैस सिलिंडर मिले हैं। 1 करोड़ 16 लाख लोगों को बिजली का कनेक्शन दिया है। 1 करोड़ 80 लाख गांवों तक मूलभूत सुविधाओं के लिए काम किया गया है। उन्होंने एक एक कर अपनी उपलब्धियों को गिनवाया।