लखनऊ

राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगे स्वामी प्रसाद मौर्य और पल्लवी पटेल, नए सियासी गुणाभाग लगाने में जुटे दोनों नेता

Bharat Jodo Nyay Yatra: समाजवादी पार्टी से दूरी के बीच स्वामी प्रसाद मौर्य और पल्लवी पटेल नए सियासी गुणाभाग लगाने में जुट गई हैं। पल्लवी पटेल शनिवार को वाराणसी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा(Bharat Jodo Nyay Yatra) में शामिल होंगी। वहीं, स्वामी प्रसाद मौर्य प्रयागराज में शामिल होंगे।
2 min read
Feb 17, 2024
Swami Prasad Maurya and Pallavi Patel will join Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra

Bharat Jodo Nyay Yatra: समाजवादी पार्टी द्वारा राज्यसभा प्रत्याशियों के एलान के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य और पल्लवी पटेल नाराज चल रही हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने पार्टी में उपेक्षा का आरोप लगाकर महासचिव पद से इस्तीफा दिया है। हालांकि, उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ा है। वहीं, पल्लवी पटेल ने समाजवादी पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशियों को वोट नहीं देने के ऐलान किया है। स्वामी प्रसाद मौर्य और पल्लवी पटेल के तेवर बता रहे हैं कि वे नए सियासी गुणाभाग में जुटे हैं।

सपा की सिराथू विधायक और अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल शनिवार को वाराणसी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगी। वहीं, स्‍वामी प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। इसे लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।


मिली जानकारी के मुताबिक अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल को सपा मिर्जापुर सहित कुल दो सीटें देने की बात कही थी। लेकिन इस फैसले से पल्लवी पटेल खुश नहीं हैं। वह अद (कमेरावादी) के लिए गठबंधन में तीन से पांच मनचाही सीटें चाहती हैं। सूत्रों का कहना है कि सपा ने मिर्जापुर सीट अद (क) को दिए जाने का फैसला कर लिया है। यह ऐसी सीट है जहां से पल्लवी पटेल की बहन केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल लगातार दो बार से सांसद हैं। अन्य एक सीट के लिए सपा की तरफ से किसी सुरक्षित सीट का नाम मांगा गया।


स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा पार्टी में उपेक्षा का आरोप लगाकर महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद शुक्रवार को समाजवादी पार्टी को एक और झटका लगा। सपा के सचिव केके गौतम ने अखिलेश यादव को पत्र लिखकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी में खुद को बड़ी जिम्मेदारी न मिलने से नाराज होकर केके गौतम सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखा है। इसमें केके गौतम ने स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ हुए व्यवहार से खुद के आहत होने की बात कही है। स्वामी प्रसाद की तरह उन्होंने भी पार्टी नहीं छोड़ी है।


सपा एमएलसी स्वामी प्रसाद ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का ऐलान कर दिया। 18 फरवरी को वह प्रयागराज में यात्रा में शामिल होंगे। दिलचस्प यह है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इस यात्रा के अमेठी या रायबरेली पहुंचने पर शामिल होंगे। कांग्रेस यात्रा में शामिल होने के निमंत्रण पर स्वामी प्रसाद मौर्य और पल्लवी पटेल ने जिस तरह उत्साह दिखाया है, उससे कहीं- कहीं कांग्रेस से नजदीकी की झलक दिखती है।