
Lucknow SP Office Poster: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय के बाहर ‘Three generations, one future: Akhilesh’ यानी ‘तीन पीढ़ियाँ, एक भविष्य: अखिलेश’ लिखा पोस्टर लगाए जाने से सियासी चर्चा तेज हो गई है। पार्टी के अंदर 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नया स्लोगन और युवाओं पर फोकस की रणनीति पर बातचीत चल रही है।
पार्टी नेता हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। देश के युवा मुख्यधारा में जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं। पूरे देश में युवा और छात्र सड़कों पर उतरे हुए हैं, चाहे राष्ट्रीय हित के मुद्दे हों, छात्रों के हित हों या जनहित के सवाल। पेपर लीक, नीट में गड़बड़ी और चुनाव आयोग से जुड़ी शिकायतों को लेकर युवा सड़कों पर हैं। इन सकारात्मक और रचनात्मक प्रदर्शनों के दौरान अखिलेश यादव जी और डिंपल यादव जी ने छात्रों का भरपूर समर्थन किया है। समाजवादी पार्टी और उसके कार्यकर्ता हमेशा छात्रों के साथ खड़े रहे हैं, चाहे यहां हो या दिल्ली में।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता और उत्तर प्रदेश की जनता अच्छी तरह जानती है कि भाजपा उत्तर प्रदेश में आई है और यहीं से जाएगी। प्रदेश की जनता ने उनका स्वागत किया था और समय आने पर उन्हें यादगार विदाई भी देगी।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा और यह हार स्थायी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर देश के कई राज्यों में लोगों, राजनीतिक दलों और विपक्ष ने सवाल उठाए थे, लेकिन चुनाव आयोग के पास इन सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं थे। उन्होंने पश्चिम बंगाल के हालिया चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि वहां भाजपा ने एसआईआर और केंद्रीय बलों की तैनाती का फायदा उठाया।
सपा प्रमुख का यह बयान 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और भाजपा के खिलाफ नैरेटिव को मजबूत करने की दिशा में देखा जा रहा है। उन्होंने साफ संकेत दिया कि जनता भाजपा को विदा करने के लिए तैयार है।