लखनऊ

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव: ओवैसी और कांग्रेस को अखिलेश यादव हल्के में लें या नहीं? सपा के सामने क्या हैं चुनौतियां?

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में इस बार भी मुक़ाबला तो भाजपा और सपा के बीच ही रहने के आसार हैं, फिर भी एआईएमआईएम, कांग्रेस से निपटने की नीति में कमजोरी अखिलेश यादव के लिए चुनौती खड़ी कर सकती है।
4 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 6:51 PM IST
akhilesh yadav
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव (फोटो आईएएनएस)

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव 2027 में मुकाबला भाजपा-सपा के बीच ही होने के आसार हैं। लोक सभा चुनाव 2024 के प्रदर्शन के बाद सपा का उत्साह बढ़ा हुआ है, लेकिन उसके सामने चुनौतियां भी कम नहीं होंगी।

ओवैसी-आजाद गठबंधन कितनी बड़ी चुनौती?

अखिलेश यादव ने लोक सभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्ड खेल कर समाजवादी पार्टी को राज्य में नंबर एक बना दिया। विधान सभा चुनाव में उनके इस कार्ड को चुनौती देने के लिए एक नया गठबंधन सामने आया है। यह गठजोड़ एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के चंद्रशेखर आजाद के बीच हुआ है। ओवैसी जहां मुस्लिमों को अपना कोर वोटर मानते हैं, वहीं आजाद दलितों को। वैसे, ओवैसी ने पहले सपा और बसपा को गठबंधन का खुला न्योता दिया था, पर अखिलेश और मायावती की ओर से कोई उत्साह नहीं दिखाने पर उन्होंने आजाद से हाथ मिला लिया। इस गठबंधन में इन दोनों के लिए खोने को कुछ नहीं है, लेकिन दलित और अल्पसंख्यक (मुसलमान) अखिलेश के पीडीए के दो प्रमुख स्तम्भ हैं। इसलिए मुख्य खिलाड़ी होने के नाते उन्हें इस गठबंधन को एक चुनौती के रूप में लेना चाहिए।

अखिलेश भले ही ओवैसी-आजाद के गठबंधन को हल्के में ले रहे हों, लेकिन यह हल्के में लेने वाली बात नहीं है। क्यों नहीं है, यह समझने के लिए आंकड़ों को समझें।

उत्तर प्रदेश में 59 मुस्लिम बहुल सीटों की बात करें भाजपा ने वहां अच्छी पकड़ बना ली है। 2022 में इन सीटों पर भाजपा (39.3 प्रतिशत) और सपा (39.1 प्रतिशत) का वोट लगभग बराबर था। यह बात अलग है कि सीटों का अंतर ज्यादा था। बीजेपी 22 और एसपी 34 सीटों पर जीती थी। लेकिन, पिछली बार (2017 चुनाव) बीजेपी 39.1 फीसदी वोट पाकर ही 39 सीटें जीत गई थी और सपा 30.7 फीसदी वोट लाकर 17 सीटों पर सिमट गई थी। इसलिए अगर ओवैसी-आजाद गठबंधन के चलते वोट प्रतिशत में 1-2 प्रतिशत का मामूली अंतर भी हुआ तो उलटफेर हो सकता है। भाजपा का वोट प्रतिशत दो चुनावों में लगभग बराबर ही रहा है। पिछले चुनाव में नए वोटर सपा के साथ जुड़े थे। इसलिए छिटकने का ज्यादा खतरा भी सपा पर ही है।

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव: 59 मुस्लिम बहुल सीटों पर भी बीजेपी का दबदबा

दल (पार्टी)2022 में जीती सीटें2022 वोट शेयर (%)2017 में जीती सीटें2017 वोट शेयर (%)
भाजपा (BJP)2239.3%3939.1%
सपा (SP)3439.1%1730.7%
रालोद (RLD)25.0%0
अपना दल (Apna Dal)11.2%0
कांग्रेस (Cong)01.4%318.3%
बसपा (BSP)010.2%06.8%
अन्य / निर्दलीय (Others/Ind)03.7%05.1%

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए कांग्रेस से गठबंधन का मामला

अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन करना है या अकेले मैदान में उतरना है, इसका साफ फैसला उनको जल्दी कर लेना चाहिए। गठबंधन के लिए बातचीत शुरू हो गई है तो माना जा सकता है कि वह गठबंधन के पूरी तरह खिलाफ नहीं हैं। ऐसे में उन्हें यह देखना होगा कि सीट बंटवारे का मुद्दा जल्दी और संतोषजनक तरीके से निपटे। इसमें देरी होगी तो विपक्ष को मुद्दा मिलेगा और गठबंधन संतोषजनक नहीं हुआ तो दोनों पार्टियां मन से एक-दूसरे के लिए काम नहीं कर पाएंगी। साथ ही, मुस्लिम वोट बंटने का भी खतरा होगा। भले ही यह आंकड़ा बहुत बड़ा नहीं होगा, लेकिंन कभी-कभी छोटा आंकड़ा भी बड़ा नुकसान कर देता है।

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव 2022 के वोटों का पूरा हिसाब

दल (पार्टी)जीती हुई सीटेंलड़ी गई सीटेंवोट प्रतिशतकुल प्राप्त वोट
भाजपा (BJP)25537641.99%3,80,51,721
सपा (SP)11134732.60%2,95,43,934
अपना दल (सोनेलाल) (ADS)12171.65%14,93,181
रालोद (RLD)8332.90%26,30,168
सुभासपा (SBSP)6191.38%12,52,925
कांग्रेस (INC)23992.37%21,51,234
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक (JANSATTADALL)2160.21%1,91,874
बसपा (BSP)140313.10%1,18,73,137
निर्दलीय (IND)010191.13%10,19,576
एआईएमआईएम (AIMIM)0950.50%4,50,929
आप (AAP)03490.38%3,47,192
जन अधिकार पार्टी (JANADIP)01380.31%2,78,939
अपना दल (कमेरावादी) (APNADALKAMER)060.28%2,58,103

लोक सभा चुनाव में आए नतीजों से कांग्रेस को भी उम्मीद है कि वह उत्तर प्रदेश में अच्छा कर सकती है। इस बीच राहुल गांधी ने बतौर नेता प्रतिपक्ष काफी सुर्खियां बटोरी हैं। ऐसे में कांग्रेस को यह भी लग रहा होगा कि पिछले विधान सभा चुनाव की तुलना में राहुल की 'ब्रांड वैल्यू' बढ़ी है और कांग्रेस को यूपी में इसका फायदा मिलेगा। इसलिए कांग्रेस को बहुत कम सीटें देकर खुश रखना अखिलेश के लिए आसान नहीं होगा।

UP Assembly Election 2027: सपा के वोट बैंक का विस्तार

2022 के विधान सभा चुनाव में सपा को 32.60 प्रतिशत वोट मिले थे। भाजपा ने 41.99 फीसदी मत प्राप्त किए थे। बसपा को 13 प्रतिशत और कांग्रेस को 2.37 प्रतिशत वोट मिले थे। मतलब मुक़ाबला केवल भाजपा-सपा में था। इस बार भी आसार ऐसे ही बन रहे हैं, लेकिन सपा के लिए अपने वोट बैंक का विस्तार करने की चुनौती है।

उत्तर प्रदेश में 11 फीसदी जाटव हैं। सीएसडीएस-लोकनीति के पोस्ट-पोल सर्वे के मुताबिक 2024 के लोक सभा चुनाव में 44 फीसदी जाटवों ने बसपा को वोट दिया था। यह अलग बात है कि बसपा एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। 2022 के विधान सभा चुनाव में बसपा को 13.10 फीसदी वोट (और एक सीट) मिले थे। अखिलेश के लिए यहां मौका है। लेकिन, चुनौती भी है क्योंकि जाटव मायावती के 'लॉयल वोटर' हैं।

बीजेपी के नरेटिव वार पर ठोस पलटवार

बीजेपी संकेत दे रही है कि वह सपा के शासन को 'अराजक काल' के रूप में पेश करेगी। बिहार में उसका यह प्रयोग सफल रहा, जहां उसने लालू राज को 'जंगलराज' कह कर नरेटिव बनाया।

उत्तर प्रदेश में बीजेपी की रणनीति ऐसी है कि लोगों के बीच यह संदेश पहुंचाया जाए कि सपा के शासन में दंगे होते थे, भ्रष्टाचार होता था, भाई-भतीजावाद होता था और अराजकता फैली थी। इसका जवाब सपा को सत्ता विरोधी लहर को मजबूत करके देना होगा।

चलते-चलते ओवैसी का ट्रैक रिकॉर्ड भी देखते चलें

ओवैसी आंकड़ों के हिसाब से बड़ी चुनौती नहीं दिखाई देते, लेकिन मामूली हेर-फेर से बड़ा उलट फेर करवाने का खतरा नजरंदाज करना अखिलेश के लिए ठीक नहीं रहेगा। बिहार में उन्होंने पांच विधायक बना लिए थे। महाराष्ट्र में भी उनका खाता खुल चुका है। उत्तर प्रदेश में इस बार वह क्या कर पाते हैं, यह देखना होगा।

राज्यवर्षओवैसी की पार्टी को मिली सीटेंवोट शेयर (%)
महाराष्ट्र201921.34%
महाराष्ट्र202410.85%
उत्तर प्रदेश201700.24%
उत्तर प्रदेश202200.43%
बिहार202051.24%
बिहार202551.85%