लखनऊ

UP BJP News: गांव-गांव पहुंचेगी बीजेपी की चुनावी तैयारी, योगी की बैठक में तय हुआ बूथों का नया टारगेट

UP BJP Sets Booth Targets: उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। सांसदों और विधायकों को गांव-गांव बूथ बनाने का लक्ष्य सौंपा गया है। 5 दिसंबर तक काम पूरा करना होगा।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 12:07 PM IST
हर विधायक को 50 और सांसद को 10 बूथ बनाने का टारगेट, मतदाता सूची में युवाओं और महिलाओं के नाम जुड़वाने पर भी रहेगा खास जोर (फोटो सोर्स :file photo, Ritesh Singh )
हर विधायक को 50 और सांसद को 10 बूथ बनाने का टारगेट, मतदाता सूची में युवाओं और महिलाओं के नाम जुड़वाने पर भी रहेगा खास जोर (फोटो सोर्स :file photo, Ritesh Singh )

BJP Election Strategy: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी है। बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि पार्टी के जनप्रतिनिधि केवल अपने विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर संगठन को मजबूत करने का काम करें।

इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। बैठक के दौरान चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

हर विधायक को 50 बूथ बनाने का लक्ष्य

बैठक में जनप्रतिनिधियों के लिए बूथ निर्माण का लक्ष्य भी तय किया गया है। इसके तहत प्रत्येक विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र में 50 बूथ तैयार कराने की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि हर सांसद को अपने लोकसभा क्षेत्र में 10 बूथ बनाने का लक्ष्य दिया गया है। पार्टी नेतृत्व ने निर्देश दिए हैं कि यह काम तय समय सीमा में पूरा किया जाए। सभी विधानसभा क्षेत्रों में 5 दिसंबर तक बूथ तैयार करने पर जोर दिया गया है।

कमजोर सीटों पर चलेगा विशेष अभियान

बीजेपी की रणनीति में उन विधानसभा क्षेत्रों को भी खास जगह दी गई है, जहां पार्टी के विधायक नहीं हैं या संगठन की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे इलाकों में विशेष अभियान चलाकर बूथों का गठन किया जाएगा। पार्टी का प्रयास है कि संगठन की पहुंच हर गांव और हर बूथ तक बने, ताकि चुनाव के समय कार्यकर्ताओं का मजबूत नेटवर्क तैयार रहे।

मतदाता सूची पर भी रहेगा फोकस

बूथ बनाने के साथ-साथ मतदाता सूची को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों की पहचान करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। खासतौर पर युवाओं, महिलाओं और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर जोर रहेगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने और जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने की योजना है।

प्रदेश नेतृत्व को भेजनी होगी रिपोर्ट

बूथ निर्माण अभियान की नियमित निगरानी भी की जाएगी। सांसदों और विधायकों को अपने क्षेत्र में हुए काम की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजनी होगी। इस अभियान में एमएलसी और राज्यसभा सांसदों को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत बूथ व्यवस्था से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी बढ़ेगी। अब देखना होगा कि 5 दिसंबर की तय समय सीमा तक पार्टी के जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में इस लक्ष्य को किस हद तक पूरा कर पाते हैं।