UP By- Polls 2024: उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर बीजेपी की सहयोगी दल निषाद पार्टी ने प्रभारियों के नाम की घोषणा कर दी है।
UP By Polls 2024:उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव को लेकर अब सियासत गरमा गई है। सभी राजनीतिक दलों ने जोर- शोर से तैयारियां शुरू कर दी है। इसी बीच बुधवार को बीजेपी के सहयोगी दल निषाद पार्टी ने सभी सीटों पर अपने प्रभारियों के नाम का ऐलान कर दिया है। इन सभी सीटों पर विधायकों को प्रभारी बनाया गया है। हालांकि, उपचुनाव में भाजपा के सहयोगी दल कितने सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, इसका अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
2022 विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने बीजेपीके साथ मिलकर 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से 11 पर जीत मिली थी। 10 सीटों पर निषाद पार्टी अपने सिंबल पर चुनाव लड़ी थी, जबकि 5 सीटों पर भाजपा के सिंबल पर उम्मीदवार उतारी थी।
उपचुनाव के लिए निषाद पार्टी ने सरवन निषाद को मझवां, पीयूष रंजन निषाद को फूलपुर, राजबाबू उपाध्याय को कटेहरी, अनिल त्रिपाठी को मिल्कीपुर, रमेश सिंह को करहल, केतकी सिंह को सीसामऊ सीट, विपुल दुबे को कुंदरकी, विवेकानंद पांडेय को खैर, ऋषि त्रिपाठी को मीरापुर, असीम राय को गाजियाबाद का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि सितंबर के अंतिम हफ्ते या नवंबर के पहले हफ्ते में इन सीटों पर चुनाव की घोषणा हो सकती है। निषाद पार्टी यूपी में एनडीए में शामिल है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद हैं, जो यूपी सरकार में मंत्री हैं।