
Uttar Pradesh Assembly Seats: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। परिसीमन के बाद प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 80 से बढ़कर करीब 120 और विधानसभा सीटें 403 से बढ़कर लगभग 604 हो सकती हैं। सीटों की संख्या बढ़ने के साथ निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं भी बदलेंगी। इसका असर राजनीतिक दलों के जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों पर पड़ेगा। वहीं, महिला आरक्षण लागू होने के बाद लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। राज्यसभा और विधान परिषद की सीटों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटें 120 होती हैं तो 33 फीसदी महिला आरक्षण के हिसाब से करीब 40 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। वहीं, विधानसभा में 604.5 सीटों के गणित के अनुसार संख्या 605 तक पहुंच सकती है। ऐसे में करीब 201 से 202 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने का अनुमान है।
महिला आरक्षण का असर सिर्फ सीटों की संख्या तक सीमित नहीं रहेगा। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए होंगी। 2022 के विधानसभा चुनाव में यूपी की 403 सीटों में से केवल 47 महिलाएं विधायक चुनी गई थीं। यह कुल विधायकों का करीब 11.7 फीसदी था। ऐसे में महिला आरक्षण लागू होने पर विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी में बड़ा बदलाव आ सकता है।
| सदन | वर्तमान सीटें | परिसीमन के बाद संभावित सीटें | 33% महिला आरक्षण |
|---|---|---|---|
| लोकसभा | 80 | 120 | 40 |
| विधानसभा | 403 | 604-605 | 201-202 |
परिसीमन का असर राज्यसभा की सदस्य संख्या पर पड़ने की चर्चा भी है। उत्तर प्रदेश से फिलहाल 31 सदस्य राज्यसभा जाते हैं। हालांकि, संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत राज्यसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 250 है। प्रस्तावित परिसीमन के तहत राज्यसभा में यूपी की सीटें बढ़कर 40 होने का कोई तय प्रावधान सामने नहीं आया है।
विधान परिषद की बात करें तो यूपी में फिलहाल 100 सदस्य हैं। संवैधानिक नियम के मुताबिक किसी राज्य की विधान परिषद में सदस्यों की संख्या विधानसभा के कुल सदस्यों की एक तिहाई से ज्यादा नहीं हो सकती। विधानसभा की संख्या 605 होने पर यह सीमा करीब 201 सदस्यों तक पहुंच सकती है। हालांकि, परिषद की वास्तविक संख्या बढ़ाने के लिए अलग प्रक्रिया और मंजूरी जरूरी होगी।
| राज्य | वर्तमान विधानसभा सीटें | 50% बढ़ोतरी के बाद संभावित सीटें |
|---|---|---|
| छत्तीसगढ़ | 90 | 135 |
| हरियाणा | 90 | 135 |
| झारखंड | 81 | करीब 122 |
उत्तर प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा की सीटों का आंकड़ा समय-समय पर बदलता रहा है। 1951 से 1967 के बीच प्रदेश में लोकसभा की 86 सीटें थीं। 1967 से 2004 तक यह संख्या 85 रही। उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद 2004 से यूपी में लोकसभा की 80 सीटें हैं।
विधानसभा में 1952 से 1967 तक 431 सीटें थीं। इसके बाद 1967 से 1996 तक 426 सीटें रहीं। 1996 से 2022 तक सीटों की संख्या 404 थी। फिलहाल यूपी विधानसभा में 403 सदस्य हैं।
देश में 1952 में पहली बार परिसीमन आयोग गठित किया गया। इसके बाद साल 1962 में 1961 की जनगणना के आधार पर सीटों और क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण हुआ। साल 1972 में तीसरा परिसीमन आयोग बनाया गया। इस प्रक्रिया के बाद लोकसभा की सीटें 525 से बढ़कर 542 हुईं।
इसके बाद साल 2002 में परिसीमन आयोग गठित हुआ और 2008 में उसकी रिपोर्ट आई। इस बार निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव किया गया, लेकिन यूपी में लोकसभा और विधानसभा सीटों की कुल संख्या नहीं बढ़ाई गई। उत्तराखंड के अलग होने से पहले प्रदेश में 22 विधानसभा सीटें कम हुई थीं।
खबर अपडेट हो रही है