27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Uttar Pradesh / Lucknow / सीट बंटवारे पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का बड़ा बयान, बोले- राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा फैसला, कोई सांसद या विधायक नहीं

सीट बंटवारे पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का बड़ा बयान, बोले- राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा फैसला, कोई सांसद या विधायक नहीं

SP State President Shyam Lal Pal: यूपी में इंडिया गठबंधन के तहत सीट बंटवारे और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सीटों का फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा, कोई सांसद या विधायक नहीं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Mohsina Bano

•

Updated: 27 Nov 2026, 6:24 PM IST

Shyam Lal Pal, Samajwadi Party, INDIA Alliance, SP Congress Seat Sharing, UP Ele3ction 2027

सीट बंटवारे पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का बयान (PC: ANI)

SP Congress Alliance: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इंडिया गठबंधन के भीतर चल रही सीट बंटवारे की चर्चाओं पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने स्थिति स्पष्ट की है। लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला गठबंधन का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के सीट बंटवारे से जुड़े हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्याम लाल पाल ने कहा कि, किसी भी दल की ओर से तय संख्या में सीटें मांगने की कोई बात नहीं की जा रही है। गठबंधन का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाना है।

'सांसद या विधायक तय नहीं करेंगे सीटें'

श्याम लाल पाल ने कहा कि सीट शेयरिंग का फैसला इंडिया गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व करेगा और यह दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय नेतृत्व का विषय है। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी सांसद या विधायक यह तय नहीं कर सकता कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा? सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा चुनाव लड़ने के लिए उसी सीट को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां संबंधित पार्टी की मजबूत पकड़ होगी और उसके उम्मीदवार के जीतने की प्रबल संभावना होगी। जो दल जहां चुनाव जीतने की स्थिति में होगा, वहीं से उसका प्रत्याशी मैदान में उतरेगा।

महिला आरक्षण और परिसीमन मुद्दे पर भाजपा को घेरा

केंद्र सरकार के संभावित विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन पर होने वाली चर्चा को लेकर भी श्याम लाल पाल ने भाजपा सरकार पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जो भी विधेयक लेकर आती है, वह आम जनता के हित में नहीं होता है। पूर्व में किसानों के लिए लाए गए कृषि-कानूनों को काला कानून बताते हुए उन्होंने कहा कि जब देश के युवाओं ने रोजगार और नौकरी मांगी, तो बदले में उन्हें लाठियां मिलीं। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए श्याम पाल ने आरोप लगाया कि आज देश और प्रदेश में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

धीरेंद्र शास्त्री पर बोले- नफरत फैलाने वाले सनातनी नहीं हो सकते

बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा उत्तर प्रदेश में कथा कराने के बयान पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए श्याम लाल पाल ने कहा कि, समाज में नफरत पैदा करने वाले लोगों को देश की मानवता पसंद नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग भगवान राम और भगवान कृष्ण के बारे में अपमानजनक बातें करते हैं तथा सनातन परंपरा से जुड़े लोगों का अपमान करते हैं, वे कभी सनातनी नहीं हो सकते। पाल ने कहा कि जो व्यक्ति जनता का हित चाहता है, वास्तव में वही धार्मिक है।

भाजपा के घोषणापत्र को बताया ढकोसला

श्याम लाल पाल ने भाजपा के चुनावी घोषणापत्र को ढकोसला करार दिया। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा ने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन आम लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिला। खातों में 15 लाख रुपये आने के पुराने वादे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि, लोगों को आज तक इसका पता भी नहीं चला। प्रदेश में हुए पेपर लीक के मामलों का हवाला देते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अपना हक और नौकरी मांगने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने भाजपा पर समाज में नफरत फैलाने और मानवता विरोधी राजनीति करने का भी आरोप लगाया।