सूबे के डिप्टी सीएम डॉ.दिनेश शर्मा का कहना है लाइव टेलीकास्ट महाभारत के काल से ही शुरू होगा या था।
लखनऊ. सूबे के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा का कहना है लाइव टेलीकास्ट महाभारत के काल से ही शुरू होगा या था। उनके मुताबिक, महाभारत काल में युद्ध के दौरान संजय द्वारा धृतराष्ट्र को महल में बैठे-बैठे युद्ध के मैदान का आंखों देखा हाल सुना या जाता था। यह आज के समय टीवी पर होने वाला सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) नहीं है तो और क्या है। उन्होंने राजधानी में आयोजित इंडिया स्किल्स रीजनल कॉम्पिटिशन के दौरान अपने संबोधन में ये बातें कहीं। उनका ये बयान सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सीता जी का जन्म एक घड़े से होने का भी जिक्र है जो आज की टेस्ट ट्यूब बेबी टेक्नोलॉजी रही होगी। जनक जी के हल चलाने पर जमीन से एक घड़ा निकला और उसमें सीता जी निकलीं। वह कहीं न कहीं टेस्ट ट्यूब बेबी जैसी टेक्नोलॉजी रही होगी। इतना ही नहीं दिनेश शर्मा ने दावा किया कि, मोतियाबिंद का ऑपरेशन, प्लास्टिक सर्जरी, गुरुत्वाकर्षण सिद्धांत, परमाणु परीक्षण और इंटरनेट जैसी तमाम आधुनिक प्रक्रियाएं पौराणिक काल में ही शुरू हो गई थीं।
मथुरा में भी दिया था ये बयान
इससे पहले बुधवार को उन्होंने मथुरा में भी ये बयान दिया था। उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि 'आज जिस गूगल को आप लोग हर विषय के जानकार के रूप में जानते हैं, महाभारत काल में एक विशेष चरित्र हुआ करता था 'नारद मुनि। जो कभी भी, कहीं भी पहुंच जाते थे और हर समस्या का निदान सुझा देते थे। वह भी केवल तीन बार नारायण-नारायण, बोलकर। पल भर में कोई भी संदेश कहीं भी पहुंचा देते थे। हमें अपने गौरवशाली अतीत को कभी नहीं भूलना चाहिए।"
बिपलब देव भी रहते हैं चर्चा में
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिपलब देव भी इस तरह के बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। इसी तरह अब दिनेश शर्मा का बयान भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।
जल्द आएंगे रोजगार के नए मौके
डिप्टी सीएम डॉ.दिनेश शर्मा के मुताबिक, प्रदेश में रोजगार के नए मौके पैदा होने लगे हैं। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट से लगभग दस लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट स्कीम के तहत सरकार जिलों में फैले छोटे, मझोले और परंपरागत उद्योगों की लुप्त होती पहचान को पूरी दुनिया तक फैलाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कारीगरों, उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं से वित्तीय सहायता दिलाकर कारोबार बढ़ाने में मदद की जाएगी। इससे उत्पाद की क्वालिटी मार्केट में प्रतिस्पर्धा लायक बनाने के लिए नई तकनीक की सुविधा भी मिल सकेगी।
लाइव टेलीकास्ट महाभारत के समय से
इस दौरान डॉ.शर्मा ने कहा कि मीडिया में आज तकनीक का प्रयोग बहुत बढ़ गया है लेकिन तकनीक तो भारत में महाभारत काल से ही चलती आ रही है। उस दौरान संजय ने महाभारत का लाइव टेलीकास्ट किया था आज न्यूज़ चैनल कार्यक्रमों का टेलीकास्ट कर रहे हैं। अर्थात भारत में हर तरह की तकनीक उपलब्ध है बस जरूरत उसे खोजकर उसका सही उपयोग करने की है। हमारी सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।