
Keshav Prasad Maurya BJP CM Face 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक ताजा बयान ने इस पूरी बहस को एक नई दिशा दे दी है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी निजी इच्छा जाहिर करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी भी मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा है। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ उनके चाहने से तय नहीं होगा। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व, चुनाव जीतने के बाद आए विधायक दल और केंद्रीय पर्यवेक्षक मिलकर ही तय करेंगे कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। उन्होंने बताया कि भाजपा में एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जहां सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
विपक्ष द्वारा भाजपा के भीतर गुटबाजी के लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि वह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साल 2017 से लगातार मिलकर सरकार चला रहे हैं और जनता की सेवा कर रहे हैं। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है। विरोधी जानबूझकर उनके और सीएम योगी के बीच 'दीवार' खड़ी करने की कोशिश करते हैं, लेकिन अगर ऐसी कोई दीवार होती तो वे साथ काम न कर रहे होते।
सपा और कांग्रेस द्वारा भाजपा की अंदरूनी कलह पर कसे गए तंज का जवाब देते हुए मौर्य ने कहा कि उनके बयान को तिल का ताड़ बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 2017 और 2022 से भी बड़े प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा की नाव में बड़ा छेद है और उनका भविष्य अंधकारमय है।
कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट पर डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमें जो जानकारी मिली है, वह वाकई बहुत दुखद और दिल दहला देने वाली है। आज एक ही परिवार के कई सदस्यों की जान चली गई, और एक लड़की अभी भी बहुत गंभीर हालत में भर्ती है। हमने यहां के डॉक्टरों को सबसे अच्छा इलाज देने और जिन्हें बचाया जा सकता है उन्हें बचाने की पूरी कोशिश करने का निर्देश दिया है।