लखनऊ

यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच तीसरी बैठक आज, राहुल और प्रियंका गांधी भी करेंगे चर्चा; सीट बंटवारे पर बनेगी रणनीति

SP Congress Seat Sharing Meeting: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर आज लखनऊ में तीसरी बैठक होने की संभावना है। वहीं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे भी यूपी कांग्रेस के नेताओं के साथ मंथन करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 1:57 PM IST
Congress Demands 181 Seats in Uttar Pradesh
यूपी में कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत तेज (Photo-IANS)

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावनाओं को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए आज लखनऊ में तीसरे दौर की बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में गठबंधन की रूपरेखा और सीटों के तालमेल को लेकर दोनों दलों के वरिष्ठ नेता विस्तार से चर्चा कर सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि सपा और कांग्रेस एक बार फिर मिलकर चुनावी मैदान में उतरने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खरगे लेंगे यूपी कांग्रेस की बैठक

एक तरफ जहां सीट बंटवारे को लेकर सपा के साथ बातचीत का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की भी एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। दिल्ली से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस बैठक में शामिल होकर प्रदेश के नेताओं के साथ संवाद करेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी वर्चुअल माध्यम से इस बैठक में जुड़ेंगे। बताया जा रहा है कि इस बैठक में उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे की शर्तों को लेकर मंथन किया जाएगा।

राजेंद्र पाल गौतम और आराधना मिश्रा भी रहेंगे मौजूद

कांग्रेस की इस उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना समेत कई वरिष्ठ नेता प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहेंगे। वहीं, सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद सहित कई अन्य प्रमुख नेता वर्चुअल तरीके से बैठक का हिस्सा बनेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक के दौरान सपा के साथ गठबंधन की संभावनाओं और सम्मानजनक सीट बंटवारे को लेकर आगे की ठोस रणनीति तय की जाएगी।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर टिकी निगाहें

उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर पिछले कुछ दिनों से बातचीत जारी है। हालांकि, दोनों दलों के नेताओं के बयानों और सपा की ओर से 5 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद गठबंधन को लेकर सवाल भी उठ रहें है। अब तीसरी बैठक से पहले दोनों दलों के बीच फिर बातचीत आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस की बैठक में तय होने वाली रणनीति का असर सपा के साथ बातचीत पर भी पड़ सकता है। फिलहाल सीटों की संख्या और गठबंधन की अंतिम तस्वीर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। दोनों दलों के बीच लगातार चल रही बातचीत के बीच अब सभी की निगाहें आज होने वाली इन बैठकों के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

Updated on:
27 Nov 2026, 1:57 PM IST
Published on: