
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा देने की पहल (फोटो सोर्स :file photo, Ritesh Singh )
PMFME Scheme: उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार की पहल और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मार्गदर्शन में इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है। खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, खाद्य प्रसंस्करण नीति-2023 के तहत अब तक 5,246.20 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में नए उद्योग स्थापित होने के साथ महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए रोजगार और कमाई के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
अपर मुख्य सचिव, खाद्य प्रसंस्करण विभाग बीएल मीणा ने विभाग की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 27 नवंबर 2026 तक नीति के तहत कुल 2,084 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 630 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है और 628 उद्यमियों को 'लेटर ऑफ कम्फर्ट' (LOC) जारी किए जा चुके हैं। इन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के साथ खाद्य उत्पादों की Processing और Marketing को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
सरकार का जोर ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी है। इसी कड़ी में आगामी स्टेट लेवल इम्प्लीमेंटेशन कमेटी (SLEC) की बैठक में 67 नए प्रस्ताव रखे जा रहे हैं। खास बात यह है कि इनमें 31 प्रस्ताव 'प्रेरणा महिला लघु उद्योग' और महिला उद्यमियों से जुड़े हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को अपना कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
संतकबीरनगर, हरदोई, बस्ती, सोनभद्र, देवरिया, औरैया, महाराजगंज, श्रावस्ती, बहराइच, झांसी, मिर्जापुर, बलरामपुर, सुल्तानपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों में महिला समूह 'रेडी टू कुक' (Ready to Cook) खाद्य इकाइयों के साथ सोलर पावर प्लांट लगाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इससे एक तरफ महिलाओं को स्वरोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ Solar Energy के इस्तेमाल से बिजली की लागत कम करने में भी मदद मिलेगी।
खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मुताबिक, सोलर पावर प्लांट और टेक होम राशन (THR) से जुड़ी अब तक 139 परियोजनाओं को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी किया जा चुका है। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को अपने काम को आगे बढ़ाने का मौका मिल रहा है। सरकार की कोशिश है कि गांवों में ही छोटे-छोटे उद्योग विकसित हों, जिससे महिलाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर न जाना पड़े।
नए उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से वित्तीय सहायता और सब्सिडी भी दी जा रही है। बीएल मीणा के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच स्वीकृत प्रस्तावों के सापेक्ष 318.64 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का भुगतान किया गया है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में 29 नवंबर 2026 तक 176.53 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) को केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दिया है। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश में अब तक 77,104 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 29,871 उद्यमियों के ऋण स्वीकृत किए गए हैं और 26,569 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। इस योजना से छोटे कारोबारियों को अपना खाद्य प्रसंस्करण उद्योग शुरू करने और पुराने कारोबार को आधुनिक बनाने में मदद मिल रही है।
उत्तर प्रदेश के खाद्य उत्पाद अब देश के बाजारों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी अपनी जगह बना रहे हैं। हाल ही में आयोजित International Trade Show के दौरान मेरठ, बिजनौर, लखनऊ, गाजियाबाद और गोरखपुर के उद्यमियों ने सात देशों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़ी व्यापारिक संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों के तहत गुड़, बेकरी और आयुर्वेदिक उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने की तैयारी है। एस्टोनिया, जापान, ताइवान, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप, वियतनाम और क्यूबा के साथ हुए ये समझौते प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विस्तार से किसानों को अपनी उपज का बेहतर इस्तेमाल करने और स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने के अवसर मिल सकते हैं। वहीं, युवाओं के लिए उत्पादन, पैकेजिंग, स्टोरेज, ट्रांसपोर्ट और मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। प्रदेश में निवेश, महिला उद्यमिता और विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने की ये कोशिशें खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई पहचान दे रही हैं। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के जमीन पर उतरने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने की उम्मीद है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
27 Nov 2026, 1:24 PM IST
Published on:
27 Nov 2026, 1:24 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश




