लखनऊ

UP चुनाव 2027: 3 घंटे चला मंथन, पर नहीं बनी बात! 125 सीटें मांग रही कांग्रेस को सपा ने थमाई 26 सीटों की लिस्ट

UP Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने 125 सीटें मांगी हैं, जबकि सपा 26 सीटों पर तैयार है। दिल्ली में सवा 3 घंटे चली बैठक बेनतीजा रही।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 5:06 PM IST
Rahul Gandhi Akhilesh Yadav
राहुल गांधी और अखिलेश यादव (फोटो आईएएनएस)

SP Congress Seat Sharing: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछने के साथ ही विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के दो सबसे बड़े साझेदारों-समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस-के बीच सीटों के बंटवारे पर खींचतान खुलकर सामने आ गई है। मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच करीब सवा तीन घंटे तक मैराथन बैठक चली, लेकिन सीट शेयरिंग पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। एक दिन पहले जहां कांग्रेस ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए 125 से 130 सीटों की सूची सौंपी थी, वहीं मंगलवार को सपा ने महज 26 सीटों का प्रस्ताव रखकर सियासी मोलभाव को और जटिल बना दिया।

SP-कांग्रेस सीट-शेयरिंग मीटिंग के बाद AICC उत्तर प्रदेश इंचार्ज राजेंद्र पाल गौतम ने दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमने सभी 403 सीटों पर डिटेल में चर्चा की और कोई मांग नहीं रखी गई, क्योंकि हम एक साथ लड़ना चाहते हैं।

रामगोपाल यादव ने सौंपी 26 सीटों की सूची

दोपहर 12:15 बजे से 3:30 बजे तक चली इस बैठक से पहले सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने अपने रुख के संकेत दे दिए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सपा ने कांग्रेस को 26 ऐसी सीटें बता दी हैं, जहां से वह अपने उम्मीदवार उतार सकती है। सपा सांसद राजीव राय ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि कांग्रेस को सूची दे दी गई है और इन्हीं सीटों पर आगे चर्चा होगी।

हम भीख नहीं मांग रहे: इमरान मसूद

सपा के इस बेहद सीमित प्रस्ताव पर कांग्रेस खेमे में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसी से भीख नहीं मांग रही है और ऐसा प्रस्ताव गठबंधन की भावना के अनुकूल नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज की कांग्रेस काफी मजबूत हो चुकी है और वह 2022 वाली स्थिति में नहीं है।

अखिलेश यादव ने दिए तालमेल के संकेत

एक तरफ जहां दोनों दलों के नेताओं के बीच तल्खी दिखी, वहीं लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपेक्षाकृत नरम नजर आए। उन्होंने कहा कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य चुनाव जीतना है और इस बड़ी लड़ाई के लिए सपा अपने सहयोगी दलों के साथ तालमेल बैठाने और सीटें छोड़ने को तैयार है। बैठक खत्म होने के बाद रामगोपाल यादव और यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया कि बातचीत सकारात्मक दिशा में है और अगले दो दिनों में गठबंधन पर अंतिम मुहर लग जाएगी।

2022 के आंकड़ों पर आधारित है सपा का फॉर्मूला

दरअसल, सपा ने जिन 26 सीटों की सूची कांग्रेस को थमाई है, वह 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन पर आधारित है। इन 26 सीटों में से पिछली बार कांग्रेस केवल 2 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई थी, जबकि 4 सीटों पर वह दूसरे नंबर पर रही थी। शेष 16 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत तक जब्त हो गई थी। दूसरी ओर, 2022 में 111 सीटें जीतने वाली सपा अपनी मजबूत जमीन छोड़ने को तैयार नहीं दिख रही है।

आज कोई सीट न दी गई, कोई सीट न ली गई : कांग्रेस विधायक

आने वाले UP चुनावों के लिए SP के साथ सीट-शेयरिंग पर कांग्रेस MLA वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि आज कोई सीट नहीं दी गई, कोई सीट नहीं ली गई। आज कोई लिस्ट एक्सचेंज नहीं हुई। हमें अलायंस के साथ 403 सीटों पर बात करनी थी। इसलिए, हमारी इतनी लंबी बातचीत हुई। क्राइटेरिया 'जीतने की काबिलियत' है; कौन मज़बूत है (किसी भी सीट पर) यही क्राइटेरिया है। हमने 2024 (चुनाव) साथ लड़े थे और हम 2027 भी साथ लड़ेंगे। इंडिया ब्लॉक मज़बूत होगा और हम 2029 भी साथ लड़ेंगे।

Updated on:
24 Nov 2026, 5:06 PM IST
Published on: