लखनऊ

‘कांग्रेस ने संविधान का गला घोंटा, भगवान राम को काल्पनिक बताया’ : लखनऊ में गरजे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

UP Election 2027: लखनऊ में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर संविधान का गला घोंटने और भगवान राम को काल्पनिक बताने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला, साथ ही सपा के चुनावी घोषणापत्र पर भी तंज कसा।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 1:59 PM IST
Keshav Prasad Maurya
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Photo ANI)

Keshav Prasad Maurya: संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वह पार्टी है जो संविधान का गला घोंटती है, उसकी रक्षा करने वाली पार्टी कभी नहीं हो सकती। मौर्य के मुताबिक, कांग्रेस को संविधान पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

आपातकाल से अनुच्छेद 370 तक गिनाए मुद्दे

मौर्य ने कांग्रेस के इतिहास का हवाला देते हुए कहा, "जिसने देश में आपातकाल लगाया, जिसने कई बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का काम किया, जिसने शाहबानो प्रकरण में तुष्टिकरण के लिए मुस्लिम पर्सनल लॉ को बढ़ावा देने का काम किया, जिसने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लगाने का काम किया और जिसने भगवान राम को काल्पनिक बताने का काम किया, उस कांग्रेस को संविधान पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।"

'तुष्टिकरण करने वाली पार्टी है कांग्रेस'

प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री जो भी कहते हैं, तथ्यों के आधार पर कहते हैं। उन्होंने कांग्रेस को तुष्टिकरण करने वाली, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और गरीबों की विरोधी पार्टी बताया। उनके अनुसार, आजादी के बाद से कांग्रेस बंटाधार करती रही है। बंटाधार करना ही उसका वर्तमान और इतिहास है, इसीलिए वह सत्ता से बाहर है और बाहर ही रहेगी।

संविधान गौरव दिवस और प्रधानमंत्री मोदी की पहल

मौर्य ने कहा कि हम संविधान गौरव दिवस मना रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 26 नवंबर 1949 को वह संविधान अपनाया गया, जिसके आधार पर देश चल रहा है और आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर 2015 को संसद का विशेष सत्र बुलाकर इस पर चर्चा कराने का काम किया था।

सपा के घोषणापत्र पर भी साधा निशाना

मौर्य ने समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र जारी करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस पर पार्टी का घोषणापत्र जारी करने का ऐलान किया है, जिसे 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया गया है। इस पर मौर्य ने कहा कि सपा का घोषणापत्र पहले आने दीजिए, फिर देखेंगे और पूछेंगे कि उसमें क्या है और क्या वादे हैं।

'आंबेडकर और संविधान का अपमान'

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान का सम्मान करती है और बाबासाहेब आंबेडकर के आदर्शों पर चलती है। उनके अनुसार, संविधान दिवस पर घोषणापत्र जारी करने का सपा का फैसला आंबेडकर और संविधान का अनादर है। मौर्य ने कहा, इन दलों को यह दिवस मनाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करना नहीं सीखा है।

Updated on:
26 Nov 2026, 1:59 PM IST
Published on: