
SP Congress Seat Sharing: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारों को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि, दूसरे दौर की बातचीत से पहले ही गठबंधन में तल्खी बढ़ती दिख रही है। सपा ने कांग्रेस को शुरुआती प्रस्ताव के तौर पर महज 26 सीटों का ऑफर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस प्रस्तावित सूची में गांधी परिवार के पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले रायबरेली जिले की एक भी सीट शामिल नहीं है, जबकि अमेठी से केवल जगदीशपुर सीट ही कांग्रेस को देने की पेशकश की गई है।
सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने साफ कह दिया है कि कांग्रेस को उसकी जमीनी स्थिति और पिछले चुनावी प्रदर्शन के आधार पर ही सीटें दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सपा ने ऐसी सीटें प्रस्तावित की हैं, जहां पार्टी खुद मजबूत रही है या पिछले चुनाव में उसे 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस महज दो हजार वोटों पर सिमट गई थी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जिन सीटों पर कांग्रेस को बड़ी हार मिली थी, उन्हें देना आसान नहीं होगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 26 सीटों की इस सूची में 2022 में कांग्रेस द्वारा जीती गई दो सीटें (रामपुर खास और फरेंदा) शामिल हैं। इसके अलावा चार ऐसी सीटें (मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर) दी गई हैं, जहां कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी। बाकी 20 सीटों में बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
दरअसल, 2022 के विधानसभा चुनाव में अमेठी और रायबरेली की सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच रहा था। अमेठी और रायबरेली विधानसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों का वोट शेयर 7.5 प्रतिशत से भी नीचे सिमट गया था। इसी आधार पर सपा अपने गढ़ और मजबूत सीटों को छोड़ने के मूड में नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में सीट शेयरिंग पर पेंच और उलझ सकता है।