लखनऊ

यहां के पार्षदों को हल्का मत समझिए, विधायक-मंत्री भी बने हैं

नगर निकाय चुनाव भी हर दल के लिए अहम हो गया है, कई पार्षद व मेयर ने नगर निगम के रास्ते ही विधान भवन व सांसद का रास्ता तय किया है।
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2017, 3:33 PM IST
nagar nikay chunaav

लखनऊ. राजनीति के गलियारों में यूं तो लोकसभा व विधानसभा के चुनाव की चर्चाएं ज्यादा रहती हैं लेकिन अब नगर निकाय चुनाव भी हर दल के लिए अहम हो गया है। इसका कारण ये भी है कि कई पार्षद व मेयर ने नगर निगम के रास्ते ही विधान भवन व सांसद का रास्ता तय किया है। यहां तक कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राम प्रकाश गुप्ता ने भी पार्षदी के जरिए राजनीति में एंट्री की थी। ऐसे ही कई मशहूर राजनेताओं के बारे में हम आपको बता रहे हैं जिन्होंने पार्षदी के चुनाव से बड़े पद तक का सफर तय किया-

पार्षद से मुख्यमंत्री तक

राम प्रकाश गुप्त को 1967 में तत्कालीन चौधरी चरण सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में उप मुख्यमंत्री बनाया गया था। इस सरकार में जनसंघ भी शामिल था। इससे पहले वे लखनऊ नगर महापालिका के पार्षद रहे थे। उन्होंने उन्होंने उप नगर प्रमुख(डिप्टी मेयर) का भी पद संभाला था। गुप्त 1999 में कल्याण सिंह के बाद प्रदेश के सीएम भी बनाए गए। मुख्यमंत्री के बाद वे मध्य प्रदेश के राज्यपाल भी रहे। राम प्रकाश गुप्त अगर निगम के सदस्य बनने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे तो हेमवती नंदन बहुगुणा मुख्यमंत्री बनने से पहले राज्यसभा सदस्य के नाते इस सदन के पदेन सदस्य रहे। उन्हें साल 2000 में प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया।

लाल जी टंडन भी रह चुके हैं सदस्य

पूर्व सांसद व मंत्री लाल जी टंडन की भी राजनीतिक यात्रा नगर निगम सदन से ही शुरू हुई। वे नगर निगम सदन के सदस्य रहे। नगर निगम के सदस्य के बाद ही वे विधान परिषद सदस्य रहे। फिर उन्होंने विधायक का चुनाव लड़ा और जीतक एमएलए बने। साल 2009 में अटल बिहारी वाजपेयी की जगह लखनऊ से लोकसभा का चुनाव लड़े और जीते।

पार्षद से राज्यमंत्री तक का सफर

योगी सरकार में राज्य मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने भी राजनीतिक करियर की शुरुआत पार्षदी से की थी। पार्षद बनने के बाद व बीजेपी की ओर से साल 2012 में एमएलसी चुने गए। इसके बाद उन्हें असम विधानसभा चुनाव के दौरान प्रभारी बनाया गया। साल 2017 में योगी सरकार बनते ही उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया। जवाहरलाल नेहरू की रिश्तेदार शील कौल भी इस सदन की पदेन सदस्य रहीं। मशहूर बैरिस्टर बीके धवन, पुलिन बिहारी बनर्जी और आनंद नारायण मुल्ला भी यहां के सदस्य रहे। आनंद नारायण मुल्ला तो न्यायाधीश भी रह चुके हैं। उन्होंने कई पुस्तकें भी लिखीं।

बुक्कल नवाब भी रह चुके हैं पार्षद

1989 में बुक्कल नवाब ने दौलतगंज वार्ड से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर बुक्कल नवाब ने राजनीति में करियर शुरू किया था। 1992 में उन्होंने समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली। वे दो बार विधानसभा चुनाव लड़े लेकिन हार गए। साल 2012 में उन्हें एमएलसी बनाया गया। फिलहाल वह बीजेपी के सदस्य हैं। पूर्व विधायक गोमती यादव भी पार्षद रह चुकी हैं। इनके अलावा पूर्व विधायक सुरेश तिवारी व शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी भी नगर निगम के सदस्य रह चुके हैं।

इन्होंने भी की नगर निकाय चुनाव से शुरुआत

कानपुर के सीसामऊ से विधायक राकेश सोनकर भी पार्षद रह चुके हैं। इसके अलावा कानपुर की जनरलगंज सीट से विधायक रहे नीरज चतुर्वेदी भी नगर निगम के सदस्य रह चुके हैं। वहीं सपा विधायक सतीश निगम और पूर्व सांसद दीपक कुमर भी पार्षद रह चुके हैं। इसके अलावा आगर से पूर्व सांसद भगवान शंकर रावत ने भी अपने राजनीति करियर की पहली सीढ़ी नगर निकाय चुनाव से ही लड़ी थे। वहीं आगरा दक्षिण से विधायक योगेंद्र उपाध्याय भी पार्षद रह चुके हैं।

Published on: