लखनऊ

नरेंद्र मोदी-अमित शाह के पोस्टर वायरल से लेकर हमसफर एक्सप्रेस तक यह प्रमुख खबरें

मोदी और अमित शाह का पोस्टर वायरल हो रहा है। इसी के साथ 'सशक्त भाजपा-सशक्त भारत' के नारे भी लगाए जा रहे हैं
2 min read
Oct 06, 2018
narendra modi and amit shah
नरेंद्र मोदी-अमित शाह के पोस्टर वायरल से लेकर हमसफर एक्सप्रेस तक यह प्रमुख खबरें

लखनऊ. अमेठी में मोदी और अमित शाह का पोस्टर वायरल हो रहा है। इसी के साथ 'सशक्त भाजपा-सशक्त भारत' के नारे भी लगाए जा रहे हैं। वहीं दिवाली तक 10 अक्टूबर से हर बुधवार हमसफर एक्सप्रेस चलेगी।

अमेठी में लगे 'सशक्त भाजपा-सशक्त भारत' के नारे

अमेठी. अमेठी में सोशल मीडिया के तमाम संसाधन जैसे ट्विटर, फेसबुक और अन्य सोत्रों से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगा पोस्टर लगातार वायरल हो रहा है। भाजपा अमेठी की ओर से प्रसारित पोस्टर में जहां 'सशक्त भाजपा-सशक्त भारत' का स्लोगन लिखा है, वहीं टोल फ्री नम्बर (18002661001) भी दिया गया है। जिस पर अमेठी के लोगों से भाजपा की मेंबरशिप लेने के लिए कहा गया है। वहीं भाजपा कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर मोदी व अमित शाह की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रचार प्रसार कर रहे हैं।

जेम पोर्टल में सरकारी खरीद से मूल्यों में कमी आएगी

लखनऊ. सरकारी विभाग की सामान्य प्रयोग की मदों और सुविधाओं को पूरा करने वाला गवर्मेंट ई- मारकिटप्लेस है GeM पोर्टल। आरडीएसओ महानिदेशक विरेंद्र कुमार ने बताया कि सरकारी खरीद का मुख्य उद्देश्य सरकारी खरीद में पारदर्शिता लाना, उन खरीद की क्षमता और गति बढ़ाना है। जेम के जरिये क्रय में होने वाला व्यय कम होगा और रेल परिचालन की लागत कम होगी। इससे रेल का किराया भी कम होगा और यात्रियों के लिए सुविधा भी बढ़ेगी। साथ ही कहा कि इससे मूल्यों में कमी आएगी।

बेसिक शिक्षा कर्मचारियों में प्रिंटआउट को लेकर हुआ विवाद

हरदोई. बेसिक शिक्षा विभाग लड़ाई का अखाड़ा बन गया है। शिक्षक भर्ती घोटाला से लेकर आये दिन आरोपों से घिरे रहने वाले विभाग में 100 से अधिक एफआईआर भर्ती घोटाले में हो चुकी है। अब नई FIR कर्मचारियों के बीच मचे महाभारत को लेकर हुई है। दरअसल कर्मचारियों के बीच एक सूची का प्रिंट आउट मांगने को लेकर हुए विवाद का बताया गया। आरोप है कि विवाद में एक ने दूसरे को गालियों से नबाज़ा और जूते चप्पल से पिटाई करने की भी धमकी दी। मामला जब विभागीय अधिकारियों तक पहुंचा तो प्रकरण पर पर्दा डालने की कोशिश की गई, लेकिन पीड़ित ने पुलिस में एफआईआर के लिये तहरीर दी, तो मामला चर्चा में आ गया। एसपी आलोक प्रियदर्शी के मुताबिक पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर जांच के निर्देश कोतवाली शहर पुलिस को दिए गए हैं।

दिवाली तक 10 अक्टूबर से हर बुधवार को चलेगी हमसफर एक्सप्रेस

लखनऊ. आईआरसीटीसी भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों को दिवाली से पहले ही हमसफर एक्सप्रेस का बड़ा तोहफा दिया है। भारतीय रेलवे ने पाटलीपुत्र से लखनऊ होते हुए उदयपुर सिटी के लिए सप्ताह में एक दिन हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का आदेश दिया है। यूपी के लखनऊ से गुजरने वाली हमसफर एक्सप्रेस पांचवीं ट्रेन होगी। हमसफर एक्सप्रेस 10 अक्टूबर से हर बुधवार को दिवाली तक नियमित रूप से सही समय से चलेगी।

Published on:
06 Oct 2018 03:59 pm