UP PCS Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की तरफ से UP PCS 2022 का का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। टॉप 10 में 8 लड़कियों के नाम शामिल हैं।
UP PCS Result 2023: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ( UPPSC) ने शुक्रवार यानी 7 अप्रैल को PCS 2022 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। UP PCS 2022 में 364 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। आगरा की दिव्या सिकरवार ने इस परीक्षा में टॉप किया है। उन्होंने नंबर-1 रैंक हासिल की है, जबकि लखनऊ की प्रतीक्षा पांडेय ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसी तरह बुलंदशहर की नम्रता सिंह तीसरे, उत्राखंड की आकांक्षा गुप्ता चौथे स्थान पर रही हैं। वहीं टॉप 10 की बात करें तो, 8 लड़कियों ने बाजी मारी है।
364 उम्मीदवारों को मिली सफलता
पीसीएस की मुख्य परीक्षा 27 सितंबर से 1 अक्टूबर, 2022 तक लखनऊ, प्रयागराज और गाजियाबाद जिलों के केंद्रों पर आयोजित की गई थी । मेंस के लिए कुल 5311 कैंडिडेट परीक्षा में बैठे थे। कुल में से, 1070 कैंडिडेट्स ने मुख्य परीक्षा को पास किया और वे साक्षात्कार में शामिल हुए। पास कैंडिडेट्स के लिए साक्षात्कार 20 फरवरी से 21 मार्च, 2023 तक आयोजित किया गया था। इनमें से 364 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है।
टॉप 10 में 8 लड़कियों ने मारी बाजी
आगरा की दिव्या सिकरवार ने इस परीक्षा में टॉप किया है। जबकि लखनऊ की प्रतीक्षा पांडेय ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बुलंदशहर की नम्रता सिंह तीसरे स्थान पर हैं। चौथे स्थान पर उत्तरराखंड की अकांक्षा गुप्ता का नाम शामिल है। कुमार गौरव पांचवें और लखनऊ की सल्तनत परवीन छठवें नंबर पर रही हैं। वहीं, MP की मोनिशा बानो सातवें स्थान पर हैं। आगरा की ऐश्वर्या दुबे 9 और गोंडा के संदीप कुमार तिवारी 10वें नंबर पर हैं। इस तरह टॉप 10 में से 8 महिलाएं हैं।
सीएम योगी ने ट्वीट कर दी बधाई
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परीक्षा में पास होने वाले कैंडिडेट्स को ट्वीट करके बधाई दी है। उन्होंने कहा, “UPPSC द्वारा रिकॉर्ड 10 माह में पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2022 में सफल सभी अभ्यर्थियों को बधाई!
इस परीक्षा में प्रदेश की बेटियों की रिकॉर्ड सफलता एवं लगभग हर जनपद का प्रतिनिधित्व 'नए उत्तर प्रदेश' की नई तस्वीर है।”