लखनऊ

UP Politics: ‘हम गठबंधन में हैं या आपके नौकर?’ सीट बंटवारे पर सपा से इमरान मसूद ने पूछे तीखे सवाल

Imran Masood Latest Statement: यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ गया है। सपा के पांच उम्मीदवार घोषित करने पर इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि कांग्रेस गठबंधन की साथी है या नौकर?
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 11:53 AM IST
SP Congress Alliance
सीट बंटवारे को लेकर बढ़ी खींचतान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के रवैये पर सवाल उठाए। (फोटो सोर्स-IANS)

UP Politics 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान बढ़ गई है। सपा की ओर से पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित करने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दोनों दल गठबंधन के लिए बातचीत कर रहे हैं तो फिर सपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम पहले ही क्यों घोषित कर दिए?

इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस सपा की गठबंधन सहयोगी है या फिर उसके साथ नौकरों जैसा व्यवहार किया जा रहा है? उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस अपनी पार्टी के लिए काम कर रही है और सम्मान के साथ गठबंधन चाहती है। मसूद के मुताबिक, दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन उसके बाद कोई चर्चा नहीं की गई। इसके बजाय सपा ने अपनी ओर से सीटों की सूची भेज दी। उन्होंने सवाल किया कि अगर फैसले इसी तरह लेने हैं तो फिर बातचीत का क्या मतलब है?

कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव

सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस ने करीब 130 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है, जबकि सपा ने शुरुआती तौर पर 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। कांग्रेस इस प्रस्ताव से सहमत नहीं है। इसी बीच सपा ने पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इनमें सहारनपुर, बेहट, कैराना, अमरोहा और ललितपुर की सीटें शामिल हैं।

इनमें सहारनपुर और बेहट की सीटें खास तौर पर चर्चा में हैं, क्योंकि दोनों सीटें इमरान मसूद के लोकसभा क्षेत्र सहारनपुर में आती हैं। कांग्रेस भी इन सीटों पर अपना दावा जता रही है। ऐसे में सपा की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने पर मसूद ने सवाल उठाया कि जब बातचीत चल रही थी तो इस तरह का फैसला लेने की जरूरत क्यों पड़ी?

सपा ने भी दिया जवाब

इमरान मसूद के बयान पर सपा नेताओं ने भी जवाब दिया है। सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने इसे मसूद की निजी टिप्पणी बताया। वहीं, सपा नेता रामगोपाल सुमन ने कहा कि जिन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं, वहां सपा के मौजूदा विधायक हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से जमीनी स्थिति को ध्यान में रखकर बातचीत करने की अपील की।

मसूद ने कहा है कि आगे बातचीत जारी रखने या नहीं रखने का फैसला कांग्रेस का नेतृत्व करेगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि राहुल गांधी बातचीत करेंगे और पार्टी उनके फैसले के अनुसार आगे बढ़ेगी। फिलहाल सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन पांच उम्मीदवारों की घोषणा ने गठबंधन की बातचीत को मुश्किल बना दिया है।

Updated on:
26 Nov 2026, 11:53 AM IST
Published on: