
UP Scholarship 2026-27 Online Application: उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सत्र 2026-27 की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और मेडिकल संस्थानों में अध्ययनरत लाखों विद्यार्थियों के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन फॉर्म भरने की समय-सीमा तेजी से समाप्त हो रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पात्र छात्र-छात्राएं आधिकारिक वेबसाइट scholarship.up.gov.in पर जाकर समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि अंतिम दिनों में वेबसाइट सर्वर पर तकनीकी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार दशमोत्तर (Post-Matric / Dashmottar) पाठ्यक्रमों के अंतर्गत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा व अन्य उच्च शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों के लिए तिथियां निर्धारित की गई हैं। नवीनीकरण (Renewal) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 है, जबकि नए (Fresh) आवेदकों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 तय की गई है। समय-सीमा बीत जाने के बाद पोर्टल को स्वतः बंद कर दिया जाएगा और किसी भी स्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इस स्कीम में शिक्षा के अलग-अलग स्तर शामिल हैं।
प्री-मैट्रिक: कक्षा 9 और 10 में पढ़ने वाले छात्र।
पोस्ट-मैट्रिक इंटरमीडिएट: कक्षा 11 और 12 में पढ़ने वाले छात्र।
पोस्ट-मैट्रिक (इंटरमीडिएट के अलावा/दशमोत्तर): ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन, डिप्लोमा, ITI और अन्य योग्य कोर्स करने वाले छात्र।
छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त करने के लिए छात्रों को सबसे पहले पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) और श्रेणी अनुसार ऑनलाइन फॉर्म भरना अनिवार्य है। फॉर्म का फाइनल सबमिशन करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर मांगे गए सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित शिक्षण संस्थान में निर्धारित अवधि के भीतर जमा करना होगा। इसके बाद ही स्कूल-कॉलेज स्तर पर फॉर्म की ऑनलाइन जांच और फॉरवर्ड करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विभाग ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि आवेदन पत्र भरते समय नाम, पिता का नाम, रोल नंबर, आय व जाति प्रमाण पत्र का क्रमांक सही-सही दर्ज करें। इसके अलावा आवेदक का बैंक खाता सक्रिय होना चाहिए तथा उसमें आधार सीडिंग व एनपीसीआई (NPCI) मैपिंग पूरी होनी चाहिए, ताकि छात्रवृत्ति की राशि सीधे बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर की जा सके।