लखनऊ

‘यूपी वोटर लिस्ट में 2.7 करोड़ का गैप’, चीफ इलेक्शन ऑफिसर नवदीप रिनवा बोले, 18-19 साल के 47 लाख युवा भी मतदाता सूची से बाहर

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट में दर्ज मतदाताओं और अनुमानित वयस्क आबादी के बीच करीब 2.7 करोड़ का अंतर है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 भरकर मतदाता बनने की अपील की है। मसौदा मतदाता सूची 12 नवंबर को और अंतिम सूची 4 जनवरी 2027 को जारी होगी।
4 min read
• •
Updated: 24 Oct 2026, 1:14 PM IST
UP News
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा (IANS Photo)

Uttar Pradesh Voter List: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 24 अक्टूबर की तारीख अहम है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि प्रदेश की मौजूदा वोटर लिस्ट में करीब 13.5 करोड़ मतदाता दर्ज हैं, जबकि 2026 के अनुमान के अनुसार 18 साल या उससे अधिक उम्र की आबादी करीब 16.17 करोड़ है। दोनों के बीच लगभग 2.7 करोड़ का अंतर है। हालांकि, इसे सीधे इतने पात्र लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने का आंकड़ा नहीं माना जा सकता। चुनाव विभाग ने नए मतदाताओं से फॉर्म भरने की अपील की है।

वोटर लिस्ट में महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा पीछे

आंकड़ों के मुताबिक, 7 अक्टूबर तक यूपी की वोटर लिस्ट में 13,46,77,027 मतदाता दर्ज थे। 2026 के अनुमान के अनुसार, प्रदेश की कुल आबादी 24.29 करोड़ और 18 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों की संख्या 16.17 करोड़ है। यह अनुमान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय जनसंख्या आयोग की ओर से तैयार किया गया है। इसके आधार पर वयस्क आबादी और दर्ज मतदाताओं के बीच करीब 2.7 करोड़ का अंतर है। यह आंकड़ा जुलाई साल 2020 में जारी जनसंख्या अनुमान रिपोर्ट पर आधारित है। हालांकि, इस अंतर को सीधे वोटर लिस्ट से बाहर रह गए पात्र लोगों की संख्या नहीं माना जा सकता। नागरिकता, सामान्य निवास, पलायन और जनसंख्या अनुमान में अंतर जैसे कारण भी इस आंकड़े को प्रभावित कर सकते हैं।

यूपी वोटर लिस्ट में 2.7 करोड़ का गैप

महिलाओं के आंकड़ों में यह अंतर ज्यादा है। अनुमान के अनुसार, प्रदेश में 18 साल या उससे अधिक उम्र की 7,84,09,000 महिलाएं हैं, जबकि 7 अक्टूबर तक वोटर लिस्ट में 6,12,95,498 महिलाओं के नाम दर्ज थे। यानी दोनों के बीच 1,71,13,502 का अंतर है। पुरुषों की अनुमानित वयस्क आबादी 8,32,76,000 है, जबकि वोटर लिस्ट में 7,33,77,447 पुरुष मतदाता दर्ज थे। यहां यह अंतर 98,98,553 का है। अनुमानित वयस्क आबादी के मुकाबले मतदाता पंजीकरण का अनुपात पुरुषों में 58.08 प्रतिशत और महिलाओं में 52.60 प्रतिशत है।

18-19 साल के युवाओं के आंकड़े चिंताजनक

पहली बार वोट डालने की उम्र में पहुंचे युवाओं के आंकड़ों में भी बड़ा अंतर सामने आया है। अनुमान के मुताबिक, 2026 में उत्तर प्रदेश में 18 से 19 साल की उम्र के 84,47,000 युवा होंगे। लेकिन 7 अक्टूबर तक इस उम्र के सिर्फ 19,61,585 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में दर्ज थे। इस तरह अनुमानित संख्या और दर्ज मतदाताओं के बीच 64,85,415 का अंतर है। वोटर लिस्ट में दर्ज युवा मतदाताओं की संख्या इस आयु वर्ग की अनुमानित आबादी का सिर्फ 23.22 प्रतिशत है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने कहा कि स्कूल के दौरे के दौरान 12वीं कक्षा के कई ऐसे छात्र मिले, जिनकी उम्र 18 साल पूरी हो चुकी थी, लेकिन उन्होंने मतदाता बनने के लिए फॉर्म नहीं भरा था। उन्होंने कहा, “मैं पूरे उत्तर प्रदेश के सभी पेरेंट्स से रिक्वेस्ट करूंगा कि वे यह पक्का करें कि उनके बच्चे जो 18 साल पूरे कर चुके हैं, फॉर्म भरें और वोटर बनें। वोटर बनना एक इंसान को ताकत देता है और यह पढ़ाई का भी एक हिस्सा है…”

जानिए 24 अक्टूबर क्यों है अहम?

रिनवा के मुताबिक, 24 अक्टूबर तक फॉर्म-6 जमा करने वाले पात्र लोगों के आवेदन की जांच और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें 12 नवंबर को प्रकाशित होने वाली मसौदा मतदाता सूची में शामिल करने पर विचार किया जाएगा। शनिवार को प्रदेश के मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। यहां बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) पात्र लोगों को आवेदन भरने में मदद करेंगे।

फॉर्म-6 की प्रक्रिया पूरी होने में आमतौर पर आठ से नौ दिन लगते हैं। इसमें आवेदन की जानकारी को सात दिनों तक सार्वजनिक रखने की अनिवार्य प्रक्रिया भी शामिल है। इसी वजह से 24 अक्टूबर को मसौदा सूची में नाम जुड़वाने के लिए व्यावहारिक रूप से अहम तारीख माना गया है। मतदाता सूची को 2 नवंबर को स्थिर किया जाना है, ताकि मतदान केंद्रों का पुनर्गठन और मतदाताओं का बंटवारा किया जा सके। एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाता रखने की सीमा तय की गई है।

रिनवा ने बताया कि 25 अक्टूबर से 11 नवंबर के बीच आने वाले आवेदनों को लेकर चुनाव आयोग से चर्चा की जा रही है। इस अवधि में आवेदन जमा करने वालों के नाम शामिल करने की प्रक्रिया पर आयोग के फैसले के मुताबिक आगे बढ़ा जाएगा।

जनवरी 2027 में जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट

24 अक्टूबर मतदाता बनने का आखिरी मौका नहीं है। जिन युवाओं का जन्म 2 अक्टूबर 2008 से 1 जनवरी 2009 के बीच हुआ है, वे 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक चलने वाली दावे और आपत्तियों की अवधि में फॉर्म-6 भर सकते हैं, बशर्ते वे 1 जनवरी 2027 तक 18 साल के हो जाएं। वहीं, 1 अक्टूबर 2008 या उससे पहले जन्मे लोग पहले से ही लगातार चलने वाली पंजीकरण प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। SSR के दौरान मिले दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित करने का कार्यक्रम है।

यूपी वोटर लिस्ट के आंकड़े

विवरणआंकड़े
यूपी की वोटर लिस्ट में कुल मतदाता13,46,77,027
2026 में अनुमानित वयस्क आबादी16.17 करोड़
वयस्क आबादी और मतदाताओं के बीच अंतरकरीब 2.7 करोड़
अनुमानित वयस्क महिला आबादी7,84,09,000
वोटर लिस्ट में महिला मतदाता6,12,95,498
महिलाओं की आबादी और मतदाताओं के बीच अंतर1,71,13,502
अनुमानित वयस्क पुरुष आबादी8,32,76,000
वोटर लिस्ट में पुरुष मतदाता7,33,77,447
पुरुषों की आबादी और मतदाताओं के बीच अंतर98,98,553
18 से 19 साल के अनुमानित युवा84,47,000
वोटर लिस्ट में 18-19 साल के युवा मतदाता19,61,585
युवा आबादी और मतदाताओं के बीच अंतर64,85,415
Updated on:
24 Oct 2026, 1:14 PM IST
Published on: