लखनऊ

यूपी के इन जिलों में तेजी से बदलेगा मौसम, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी

UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने फिर से आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तेजी से मौसम बदलेगा।
2 min read
Mar 29, 2023
UP Weather Alert

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने फिर से आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तेजी से मौसम बदलेगा। मार्च के जाते जाते मौसम में एक बार फिर बदलाव के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेशभर में बारिश के आसार हैं। 31 मार्च को पूरे प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में एक बार फिर तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान मौसम विभाग ने किसानों को अलर्ट किया है।

30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया "30 मार्च से ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। पहाड़ों से आने वाली हवा के कारण तापमान में गिरावट के साथ बारिश के आसार भी बन रहे हैं। 30 मार्च को छिटपुट बारिश के बाद 31 मार्च को प्रदेश भर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।"

लगातार बढ़ रहा है तापमान
दानिश ने बताया "यह मौसम एक अप्रैल भी जारी रहेगा। इसके बाद मौसम दोबारा सामान्य होने लगेगा। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झांसी में 35.5 डिग्री और प्रयागराज और वाराणसी में 35 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी लगातार बढ़त जारी है।"

32 डिग्री हो सकता है अधिकतम तापमान
सबसे कम तापमान बरेली में 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में आसमान साफ रहेगा। प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।

Updated on:
29 Mar 2023 07:13 pm
Published on:
29 Mar 2023 07:12 pm