लखनऊ

2 मई को इस कार्यक्रम में सीएम व दोनों डिप्टी सीएम गिनाएंगे एक साल की उपलब्धियां

पिछले एक साल में यूपी में कितना विकास हुआ, क्या सरकार अपने वादों पर खरी उतरी, क्या युवाओं को रोजगार मिला।

2 min read
May 01, 2018
yogi

लखनऊ. पिछले एक साल में यूपी में कितना विकास हुआ, क्या सरकार अपने वादों पर खरी उतरी, क्या युवाओं को रोजगार मिला। ऐसे तमाम मुद्दों पर बुधवार को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश विकास संवाद कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। एक समाचार एजेंसी की ओर से ये कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10 बजे कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।

करीब दिन भर चलने वाले इस विकास संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के विकास को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। चर्चा का केंद्र बिंदु प्रदेश सरकार की 'एक जिला एक उत्पाद योजना रहेगा। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी भाग लेंगे। साथ ही प्रदेश भर से विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हुए लोग विकास संवाद में भागीदारी करेंगे।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने मंगलवार को यहां बताया कि समूचे कार्यक्रम को दो मुख्य सत्रों में बांटा गया है। प्रथम सत्र में केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हाए उप्र के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, सूचना राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी और लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया की भागीदारी रहेगी।

आरके सिन्हा ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे से दूसरे सत्र की चर्चा प्रारम्भ होगी जिसके प्रमुख वक्ता प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे। इस सत्र में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ला, प्रदेश के दुग्ध विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी, गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा और प्रदेश के अपर आयुक्त निर्यात प्रोत्साहन आरके सिंह भी मौजूद रहेंगे। हर प्रदेश में विकास संवाद का आयोजन हो रहा है। हाल ही में झारखण्ड और छत्तीसगढ़ में विकास संवाद करने के बाद अब उत्तर प्रदेश में इसका भव्य आयोजन हो रहा है।

Updated on:
01 May 2018 07:25 pm
Published on:
01 May 2018 07:36 pm