लखनऊ

आम आदमी की जेब पर मौसम ने ढाया कहर, रसोई का बजट बिगड़ा, जानें सब्जी और तेल का ताजा रेट

Vegetable Price Hike: बारिश की वजह से सब्जी की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। वहीं, सब्जी के साथ- साथ दाल और तेलों के दाम भी बढ़ रहे हैं।

2 min read
Jul 13, 2024
Vegetable Price Hike

Vegetable Price Hike: बरसात में आम लोगों की रसोई पर महंगाई की मार पड़ रही है। सब्जियों के दाम में एकाएक बढ़ोतरी से लोगों की रसोई का बजट बिगड़ है। एक तरफ सब्जियों के दाम दो से तीन गुना तक बढ़ गए हैं, वहीं दूसरी तरफ विभिन्न दालें और सरसों तेल के रेट में भी पांच से 17 फीसदी तक उछाल आया है। उत्पादन में गिरावट और सप्लाई बाधित होने से कीमतें बढ़ने का अनुमान है।

पिछले 15 दिन के भीतर बारिश बढ़ते ही देहरादून में सब्जियों के दाम भी बढ़े हैं। टमाटर के दाम में सबसे ज्यादा उछाल देखा जा रहा है। इस वक्त फुटकर में टमाटर कुछ इलाकों में 100 रुपए किलो तक पहुंच गया है। मंडी में थोक में टमाटर की क्रेट (25 किलो) 600 से 100 रुपए किलो तक है। इसी प्रकार भिंडी भी 15 दिनों में 40 रुपए किलो से बढ़कर 100 रुपए किलो, धनिया 40-50 रुपए से बढ़कर 150 से 200 रुपए किलो, नींबू 80 रुपए से बढ़कर 150 से 170 रुपए किलो तक पहुंच गया है। इसके अलावा लौकी दो गुना बढ़ोतरी के साथ 30 रुपए किलो से 60 रुपए किलो तक पहुंच गई है। तोरई के दाम 40 रुपए से बढ़कर 80 रुपए, अरबी 40 रुपए से बढ़कर 80 रुपए, बैंगन 30 रुपए से बढ़कर 80 रुपए किलो तक पहुंच गया है।

पतली हुई दाल, तड़का लगाना भी हुआ महंगा

दाल और खाद्य तेल के दाम में भी उछाल ने आमजन को परेशानी में डाल दिया है। दून में इन दिनों अरहर 200 रुपए किलो तक बिक रही है। पहले दाल 170 रुपए किलो मिल रही थी, लेकिन अब इसमें करीब 17 फीसदी का इजाफा हो गया है। चना 70 रुपए किलो से बढ़कर 100 रुपए और उड़द 110 से बढ़कर 130 रुपए किलो तक पहुंच गई है। आढ़त व्यापारी विनोद गोयल के अनुसार, इस बार दाल का उत्पादन कम हुआ है, लिहाजा दाम में उछाल आया है। सरसों के तेल के दाम भी पांच रुपए प्रति किलो बढ़कर 145 रुपए पहुंच गए हैं।

बीते साल 220 रुपए किलो बिका था टमाटर

बरसात के दौरान साल 2023 में देहरादून में टमाटर महंगा होकर फुटकर में 220 रुपए किलो तक पहुंच गया था। तब मंडी की ओर से सस्ते टमाटर के स्टॉल भी लगाए गए थे। इस बार बीते 15 दिनों में टमाटर के दाम में जिस प्रकार का उछाल आया है, आने वाले दिनों में बीते साल जैसे हालात हो सकते हैं।

ऑनलाइन 250 से 500 ग्राम में बिक्री

दूसरी ओर, विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियां किलो की बजाय 250 और 500 ग्राम की मात्रा में सब्जियां बेच रही हैं। ऑनलाइन टमाटर 39 रुपए में आधा किलो, शिमला मिर्च 43 रुपए में 250 से 280 ग्राम तक, भिंडी 23 रुपए में 250 ग्राम, बीन्स 38 रुपए में 250 ग्राम और लौकी 37 रुपए में 400 ग्राम तक बिक रही है।

Published on:
13 Jul 2024 01:31 pm
Also Read
View All

अगली खबर