
लखनऊ. UP Top News: मंगलवार, 14 जुलाई, 2020 को राजधानी लखनऊ से प्रकाशित विभिन्न समाचार-पत्रों में यह अहम सुर्खियां छाई हुई हैं।
संक्रमितों का आंकड़ा 38103 पहुंचा, अब तक 955 की मौत
यूपी में सोमवार को कोरोना कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा 1664 नए रोगी मिले। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले 11 जुलाई को 1403 मरीज मिले थे। जबकि सिर्फ जुलाई के 13 दिनों में 14836 नए मरीज मिल चुके हैं। वहीं अब कोरोना के कुल मरीजों का आंकड़ा 38,103 पहुंच गया है। जबकि पिछले 24 घंटे में 869 मरीज और स्वस्थ हुए। जिसके बाद अब तक कुल 24203 रोगी ठीक हो चुके हैं। वहीं सोमवार को 21 और लोगों की मौत के साथ अब तक कुल 955 मरीजों ने कोरोना से दम तोड़ा हैं। इसके अलावा अब एक्टिव केस बढ़कर 12972 हो गए हैं।
यूपी में अब तक 1118 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव
डीजीपी एचसी अवस्थी ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए फ्रंटलाइन पर ड्यूटी कर रहे 1118 पुलिसकर्मी अब तक कोरोना (कोविड-19) पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 676 पुलिस कर्मी स्वस्थ होकर अपनी ड्यूटी पर वापस भी आ चुके हैं, जबकि एक क्षेत्राधिकारी समेत आठ पुलिस कर्मियों का निधन हो गया।
कानपुर एनकाउंटर के दौरान पुलिस से लूटी AK 47 और इंसास राइफल्स बरामद
बीते 2 जुलाई की रात कानपुर के बिकरू गांव में पुलिस मुठभेड़ के आरोपी और विकास दुबे के सहयोगी शशिकांत को पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। शशिकांत के सिर पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। शशिकांत से पूछताछ के आधार पर मुठभेड़ में लूटी गई पुलिस की AK-47 रायफल, 17 कारतूस और इंसास रायफल के 20 कारतूस बरामद कर लिए गए हैं।
विकास दुबे के सहयोगी गुड्डन त्रिवेदी समेत दो की ट्रांजिट रिमांड मंजूर
महाराष्ट्र के ठाणे की एक अदालत ने सोमवार को विकास दुबे के करीबी गुड्डन त्रिवेदी और उसके चालक की चार दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर ली है। इसके आधार पर पुलिस उसे मंगलवार को कानपुर लेकर आएगी।
विकास दुबे की मौत की जांच वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज
सुप्रीम कोर्ट में आज (मंगलवार) को विकास दुबे की मुठभेड़ में मौत की जांच की मांग से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करेगा, जिसमें से एक विकास को कानपुर के पास गोली मारने से एक घंटे पहले दायर किया गया था। मानवाधिकार संगठन पीयूसीएल ने भी इस संबंध में एक याचिका दायर की है।
विकास दुबे एनकाउंटर की जांच हाईकोर्ट जज से कराने की याचिका खारिज
हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने विकास दूबे एनकाउंटर की जांच इलाहाबाद हाईकोर्ट के वर्तमान अथवा सेवानिवृत न्यायाधीश से कराने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। न्यायालय ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही इस मामले की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन कर चुकी है। हालांकि न्यायालय ने याची को यह छूट भी प्रदान की है कि इस मामले में उचित अवसर यदि कोई आता है तो वह नई याचिका दाखिल कर सकती है।
कांग्रेस को झटका, अदिति और राकेश सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म करने की याचिका खारिज
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कांग्रेस द्वारा अपनी विधायक आदिति सिंह व राकेश सिंह की सदस्यता खत्म करने संबंधी याचिका को बलहीन करार देते हुए खारिज कर दी। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि प्रस्तुत याचिका बलहीन होने के कारण निरस्त की जाती है।
भ्रष्टाचार की जांच व आय-व्यय का ब्योरा देना से बच रहे अधिकारी
लखनऊ नगर निगम के अधिकारियों पर खुलेआम भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। कार्यकारिणी की बैठक में अधिकारी को इंगित कर सदस्य ने आरोप जड़े। महापौर ने जांच बैठाई। एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने आदेश दिया। 11 दिन बीत गए लेकिन जांच शुरू न हो सकी। यही हाल आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत करने का है। अधिकारी मामले को टालने में जुटे हैं।
नोएडा में पुलिस और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़
नोएडा थाना फेस-2 की पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली में दो बदमाश घायल हो गए। ये बदमाश इससे पहले चोरी और लूटपाट के कई मामलों में जेल जा चुके हैं।
आज और कल पूर्वी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी में मंगलवार 14 जुलाई और बुधवार 15 जुलाई को कहीं भारी तो कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी यूपी के अलावा मध्य यूपी में भी इन दो दिनों के दरम्यान गरज-चमक के साथ बारिश होने या बौछारें पड़ने के आसार जताये गये हैं।