विराट समेत 4 होटल सील, इन बड़े होटलों पर भी हो रही कार्रवाई
लखनऊ. चारबाग रेलवे स्टेशन के पास दो होटलों एसएसजे इंटरनेशल अौर विराट में बुधवार हुए अग्निकांड के बाद मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिये गये हैं। पुलिस ने इस मामले में सुरक्षा गार्ड व सुपरवाइजर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि दोनों ड्यूटी पर थे और आग लगने पर इसकी जानकारी किसी को देने के बजाय वहां से भाग निकले थे। सिटी मजिस्ट्रेट विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि चार होटल विशेष अभियान चलाकर सील किये गए। इनमें आग की लपेट में आने वाले दो होटल भी शामिल हैं।
नगर मजिस्ट्रेट विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, अग्निशमन और विद्युत विभाग के अफसरों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। एसएसजे व विराट में आग से बचाव के इंतजाम नहीं थे।
वहीं, दोनों होटल के सामने शक्ति लॉज व मेधा होटल अवैध रूप से चलते पाया गया। एसएसजे के मालिक सुरेंद्र जायसवाल के एक अन्य होटल मेधा में भी आग से बचाव के इंतजाम नहीं थे। इन चारों होटलों को सील कर दिया गया। जांच में कई अन्य होटलों में भी गड़बड़ियां मिली हैं।
गौरतलब है कि दोनों होटलों में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई थी जबकि चार अन्य जख्मी हो गए थे। पुलिस ने बताया कि आग चारबाग की दूध मंडी स्थित दो होटलों में सुबह छह बजे के आसपास लगी। स्टाफ सहित दोनों ही होटलों से 55 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। दमकल की 15 गाडियों ने खासी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
संतोष विष्णु के शव को ले गए पुणे
होटल में झुलसकर मरे संतोष विष्णु माने के शव को पुलिस ने छोटे भाई सागर विष्णु माने और करीबी दोस्त विक्रम के सुपुर्द किया। दोनों लोग शव को लेकर बुधवार शाम पुणे रवाना हो गए। पुणे के सातारा निवासी विष्णु माने का बेटा संतोष माने यूपी के एक निजी ऑटो कंपनी में एकाउंटेंट थे। वह शुक्रवार रात को पुणे से लखनऊ के लिए ट्रेन पर सवार हुए थे ।रविवार को लखनऊ आने के बाद वहां चार बाग स्थित इंटरनेशनल होटल में ठहरे थे।