लखनऊ

CM योगी के 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटने के दावे पर CEO नवदीप रिणवा का बयान, बोले- मैं तो ढाई करोड़ गायब वोटरों की बात कर रहा हूं

UP Voter List Controversy: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची पर छिड़े सियासी घमासान के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने CM योगी के 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटने के दावे और सपा की शिकायतों पर भी जवाब दिया।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 2:14 PM IST
UP Voter List Controversy, CEO Navdeep Rinwa, CM Yogi Adityanath, Akhilesh Yadav, UP Election 2027, Election Commission
वोटर लिस्ट विवाद पर नवदीप रिणवा (CEO) का बयान (PC: IANS)

Navdeep Rinwa Statement on UP Voter List: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को लेकर मचे सियासी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने चुनाव आयोग पर पक्षपात के आरोपों को खारिज किया है। रिणवा ने कहा कि चुनाव आयोग के लिए सभी राजनीतिक दल और नेता बराबर हैं। आयोग ने न तो समाजवादी पार्टी से कोई शपथ पत्र मांगा है और न ही किसी दूसरे दल से। उन्होंने यह भी बताया कि सपा की ओर से डुप्लीकेट मतदाताओं को लेकर मिली शिकायतों की जांच कराई जा रही है।

सपा की शिकायतों पर बिना शपथ पत्र के हो रही जांच: नवदीप रिणवा

एक चैनल को दिए इंटरव्यू में मुख्य निर्वाचन अधिकारी से सवाल पूछा गया कि, अखिलेश यादव के आरोपों पर आयोग शपथ पत्र मांगता है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर चुप्पी साध लेता है। इस पर नवदीप रिणवा ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि 10 अप्रैल के बाद जब समाजवादी पार्टी ने तीन लाख डुप्लीकेट वोटरों की सूची सौंपी थी, तो आयोग ने बिना किसी शपथ पत्र की मांग किए उसे स्वीकार किया और जांच करवाई। रिणवा ने आगे बताया कि दो तीन दिन पहले भी सपा ने ज्ञापन देकर एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची दी है, जिसकी गंभीरता से जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि जो भी शिकायतें सही पाई जाती हैं, उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

योगी के 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के दावे पर क्या बोले CEO

हाल ही में मुख्यमंत्री योगी कई बार दावा कर चुके हैं कि उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं। इस पर सवाल उठ रहा है कि क्या चुनाव आयोग मुख्यमंत्री से भी शपथ पत्र मांगेगा? इस सवाल पर नवदीप रिणवा ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति या नेता आयोग की किसी गलती की ओर ध्यान दिलाता है, तो आयोग उसकी जांच कराता है। आंकड़ों को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिस संख्या की बात कर रहे हैं, आयोग के आंकड़े उससे भी बड़े हैं।

'मैं तो ढाई करोड़ गायब वोटरों की बात कर रहा हूं'

सीएम योगी के दावे पर सवाल उठ रहा है की, क्या आयोग मुख्यमंत्री से शपथ पत्र मांगेगा, इसके जवाब में नवदीप रिणवा ने कहा कि यदि कोई भी आयोग की गलतियों की ओर ध्यान दिलाता है, तो उसे सहर्ष स्वीकार कर जांच कराई जाती है। वहीं आंकड़ों को लेकर चल रहे विवाद पर रिणवा ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस आंकड़े की बात कर रहे हैं, आयोग खुद उससे बड़े आंकड़े की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि, मैं तो ढाई करोड़ लोगों की बात कर रहा हूं जो अभी वोटर लिस्ट से गायब हैं।

अखिलेश यादव ने उठाए थे आंकड़ों पर सवाल

योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावे पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाए थे। सपा प्रमुख का कहना था कि चुनाव आयोग धर्म के आधार पर मतदाताओं का आंकड़ा जारी नहीं करता, ऐसे में मुख्यमंत्री के पास हिंदू मतदाताओं से जुड़ा यह आंकड़ा कहां से आया। वहीं, चुनाव आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि उसके पास मतदाताओं का धर्म या जाति के आधार पर कोई आंकड़ा नहीं होता। ऐसे में वोटर लिस्ट में नाम कटने और जुड़ने को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

क्या है यूपी की वोटर लिस्ट का पूरा मामला

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले 10 अप्रैल 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की गई थी। मौजूदा पुनरीक्षण के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित हुई है। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को जारी की जानी है।

आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश की अनुमानित वयस्क आबादी की तुलना में ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब 2.58 करोड़ मतदाता कम हैं। आयोग का कहना है कि जिन पात्र नागरिकों ने अब तक मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं कराया है, वे फॉर्म 6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

Updated on:
26 Nov 2026, 2:14 PM IST
Published on: