लखनऊ

सर्द हवाओं से बढ़ी गलन और ठिठुरन, साढ़े चार डिग्री पहुंचा पारा, जारी रहेगा कोहरे का प्रकोप

राज्य के कुछ हिस्सों में दिन और रात में कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस अवधि में दिन में कुछ स्थानों पर धूप नहीं निकलेगी

2 min read
Jan 13, 2021
सर्द हवाओं से बढ़ी गलन और ठिठुरन, साढ़े चार डिग्री तक लुढ़का पारा, पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड

लखनऊ. बर्फ से ढके पहाड़ों से आ रही हवा ने उत्तर प्रदेश में गलन और ठिठुरन बढ़ा दी है। यूपी के ज्यादातर शहरों में बुधवार की सुबह कोहरा इतना घना था कि कुछ ही मीटर तक दिखाई दे रहा था। दिन में भी हल्कि धूप से ठंड से राहत नहीं मिलती। सुबह और रात चलने वाली शीतलहर से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड इसी तरह सताएगी। राज्य के कुछ हिस्सों में दिन और रात में कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस अवधि में दिन में कुछ स्थानों पर धूप नहीं निकलेगी।

दिन और रात दोनों के ही तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। स्थानीय मौसम विभाग निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, 18 जनवरी तक यूपी में कोहरे का प्रकोप रहेगा। शीतलहर भी इसी तरह चलती रहेगी। इसके साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट बढ़ती जाएगी। पश्चिमी हवाओं के कारण मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी और रूहेलखंड के कई जिलों में बेहद ठंडे दिन होने का अलर्ट जारी किया है।

कानपुर सबसे ठंडा स्थान

मंगलवार को दिन व रात के तापमान में प्रदेश के अधिकांश जिलों में गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां रात का तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, झांसी मण्डलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। कानपुर और आगरा मण्डलों में रात का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, बरेली, वाराणसी, कानपुर, झांसी, मण्डलों में दिन के तापमान में भी गिरावट आई।

Published on:
13 Jan 2021 01:00 pm
Also Read
View All