लखनऊ

सर्दी का कहर, ठंड और कुहासे से जीना मुहाल, पांच डिग्री से भी नीचे पहुंचा तापमान

पूरा उत्तर प्रदेश ठंड की चपेट में होने के कारण ठिठुर रहा है। ठंड और कुहासे के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। विजिबिलिटी कम होने के कारण ट्रेन और विमान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। दो दिनों से कई जगहों पर धूप भी नहीं निकल रही है

2 min read
Jan 16, 2021
सर्दी का कहर, ठंड और कुहासे से जीना मुहाल, पांच डिग्री से भी नीचे पहुंचा तापमान
सर्दी का कहर, ठंड और कुहासे से जीना मुहाल, पांच डिग्री से भी नीचे पहुंचा तापमान

लखनऊ. पूरा उत्तर प्रदेश ठंड की चपेट में होने के कारण ठिठुर रहा है। ठंड और कुहासे के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। विजिबिलिटी कम होने के कारण ट्रेन और विमान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। दो दिनों से कई जगहों पर धूप भी नहीं निकल रही है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है। वहीं, रविवार से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी होगी। पूर्वी हवाएं चलने से अगले सप्ताह गलन में कमी आएगी। कड़ाके की सर्दी से फसलों में पाला गिरने की भी आशंका जताई गई है। इससे फसलों को नुकसान हो सकता है।

तापमान में उतार चढ़ाव

मौसम केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, तापमान में उतार चढ़ाव होगा। रविवार को एक से दो डिग्री तक तापमान में बढ़त होगी। पूर्वी हवाएं चलने से अगले सप्ताह गलन में कमी आएगी। लेकिन ठंड का असर बरकरार रहेगा। कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवा के क्षेत्र बन रहे हैं, जिससे हवा की रफ्तार कुछ प्रभावित हुई है। यह कम या ज्यादा हो सकती है। गुरुवार को हवा की दिशा उत्तर पश्चिम थी वह अब शुक्रवार को दक्षिण पश्चिम हो गई।

6.4 डिग्री सेल्सियस लखनऊ का न्यूनतम तापमान

लखनऊ में न्यूनतम 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोनभद्र में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में न्यूनतम तापमान 8.2 सेल्सियस रहा। मुरादाबाद में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में न्यूनतम 5.2 डिग्री सेल्सियस, बरेली में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस, बांदा और इटावा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 5 डिग्री, कन्नौज, उन्नाव, कानपुर देहात में 5.2 डिग्री, चित्रकूट, औरैया, फतेहपुर में 6 डिग्री, उरई में 8 डिग्री और फर्रुखाबाद में 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Published on:
16 Jan 2021 10:40 am
Also Read
View All