लखनऊ

‘सबसे ज्यादा गौकशी योगी आदित्यनाथ की सरकार में हुई’, यूपी CM के बयान पर सपा और कांग्रेस ने किया पलटवार

UP Politics: योगी आदित्यनाथ के ‘गाय को जानवर बताने वाले पशु बुद्धि के शिकार’ बयान पर सपा और कांग्रेस ने पलटवार किया। विपक्षी नेताओं ने गौकशी, गाय के राजनीतिक इस्तेमाल और राम मंदिर से जुड़े मुख्यमंत्री के बयान पर भी सवाल उठाए।
3 min read
• •
Sep 28, 2026
Yogi Adityanath cow statement
यूपी CM के बयान पर सपा और कांग्रेस ने किया पलटवार। फोटो-IANS

UP Politics:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथके ‘गाय को जानवर बताने वाले खुद पशु बुद्धि के शिकार’ वाले बयान पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने पलटवार किया है। सपा ने योगी सरकार के कार्यकाल में गौकशी को लेकर सवाल उठाए, जबकि कांग्रेस ने भाजपा पर गाय के मुद्दे का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंहल की जन्म शताब्दी वर्ष के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने गाय को लेकर कहा कि गाय को केवल जानवर मानने वालों की सोच पशु जैसी है। उन्होंने लोगों से गौ पालन से जुड़ने की भी अपील की।

सपा बोली- सबसे ज्यादा गौकशी योगी सरकार में हुई

मुख्यमंत्री के बयान पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अमीक जमेई ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कौन पशु है और कौन नहीं, यह उत्तर प्रदेश स्तरीय जांच का विषय है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सबसे अधिक गौकशी योगी आदित्यनाथ की सरकार के कार्यकाल में हुई है।

अमीक जमेई ने सवाल उठाते हुए कहा कि यह सिलसिला कब तक चलेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर धार्मिक और सांप्रदायिक मुद्दों को राजनीतिक बहस के केंद्र में रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कभी गाय, कभी पाकिस्तान और कभी मुसलमान जैसे मुद्दों को उठाया जाता है, जबकि जनता ने सरकार को रोजगार, किसानों की मदद और विकास जैसे सवालों के समाधान के लिए चुना है।

सपा ने रोजगार और किसानों के मुद्दे पर घेरा

सपा प्रवक्ता ने सरकार से यह भी सवाल किया कि उत्तर प्रदेश में निवेश कैसे आएगा और बेरोजगारी कैसे दूर होगी? उन्होंने किसानों की मदद के लिए सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कि सरकार को इन मुद्दों पर अपनी नीतियों के बारे में जवाब देना चाहिए। सपा की ओर से यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब मुख्यमंत्री के बयान के बाद गाय और गौ संरक्षण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

कांग्रेस ने कहा- गाय को लेकर कोई विवाद नहीं

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गाय को लेकर भारतीय परंपरा में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यता है। उन्होंने कहा कि गाय को ‘मां’ मानने को लेकर कोई विवाद नहीं है। हालांकि, इसके बाद उन्होंने भाजपा पर गाय के मुद्दे को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा नेताओं के अलग-अलग राज्यों में दिए गए कथित बयानों का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं के गाय को लेकर अलग-अलग रुख दिखाई देते हैं।

कांग्रेस ने भाजपा पर राजनीतिक इस्तेमाल का लगाया आरोप

सुरेंद्र राजपूत ने पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और गोवा के मुख्यमंत्री के बयानों का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इन बयानों से भाजपा के गाय को लेकर रुख पर सवाल उठते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए गाय का मुद्दा वोट लेने और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने का माध्यम बन गया है। ये आरोप कांग्रेस नेता की राजनीतिक प्रतिक्रिया का हिस्सा हैं।

‘रामकाज में कालनेमि भी घुसेंगे’ बयान पर भी पलटवार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी कार्यक्रम में राम मंदिर आंदोलन को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा था। उन्होंने बजरंगियों को सावधान करते हुए कहा था कि ‘रामकाज में कालनेमि भी घुसेंगे’, इसलिए ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश करने वालों से सावधान रहने की बात कही। योगी के इस बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा पर भगवान राम के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

उदित राज ने राम मंदिर से जुड़े लोगों पर लगाए आरोप

उदित राज ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोविंद देव गिरि का नाम लेते हुए उन पर चंदे से जुड़े मामले में आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि राम के प्रति कथित अपमान और चंदे से जुड़े आरोपों की जांच में उन्हें राहत दी गई। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक शक्ति हासिल करने के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किया।

Updated on:
28 Sept 2026 12:06 pm
Published on:
28 Sept 2026 11:47 am