Patrika+

Coffee Research: कॉफी और लंबी आयु की नई साइंस, क्या हमारी बॉडी में छिपा है सेहत का कोई ‘सीक्रेट स्विच’?

Anti-Aging: टेक्सास ए एंड एम यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने कॉफी में छिपा हुआ एक ऐसा कोशिकीय स्विच (NR4A1) ढूंढा है, जो कोशिकाओं को तनाव और सूजन से बचाता है। यह शोध बढ़ती उम्र की बीमारियों को रोकने में मददगार हो सकता है।
7 min read
Jul 19, 2026
Coffee Research News.
अमेरिका के शोधकर्ताओं ने कॉफी पर एक चौंकाने वाला रिसर्च किया है। ( विजुअल: ChatGPT)

Coffee Benefits Cellular Switch: किसी को चाय-कॉफी के लिए पूछना एक सामान्य शिष्टाचार माना जाता है। इंस्टेंट हॉट कॉफी हो या कोल्ड कॉफी, ये टेस्ट के साथ ही स्टेटस का भी सिंबल मानी जाती है। दुनियाभर में करोड़ों लोगों के दिन की शुरुआत एक कप गरमा-गरम कॉफी के साथ होती है। कुछ लोगों के लिए यह सिर्फ सुस्ती भगाने का जरिया है, तो कुछ के लिए यह एक सामाजिक आदत बन चुकी है। अक्सर कॉफी को सेहत के लिए नुकसानदेह मानने वाले लोगों का तर्क होता है कि इसमें मौजूद कैफीन शरीर को प्रभावित करता है। हालांकि, एक हालिया वैज्ञानिक शोध ने इस पुरानी धारणा को पूरी तरह से बदल कर रख दिया है। इस नए अध्ययन के अनुसार, नियमित रूप से कॉफी का सेवन करने वाले लोग न सिर्फ लंबा जीवन जीते हैं, बल्कि उनमें दिल की बीमारियां, अल्जाइमर और डायबिटीज जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी काफी कम हो जाता है।

कॉफी के इन जादुई फायदों के पीछे का असली रहस्य

अमेरिका के टेक्सास ए एंड एम यूनिवर्सिटी (Texas A&M University) के शोधकर्ताओं ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। वैज्ञानिकों ने हमारे शरीर के भीतर एक ऐसे 'छिपे हुए कोशिकीय स्विच' (Cellular Switch) को ढूंढ निकाला है, जो कॉफी के इन जादुई फायदों के पीछे का असली राज है। आइए इस पूरे वैज्ञानिक शोध को बहुत ही आसान भाषा में समझते हैं।

क्या है यह 'सीक्रेट सेल्स स्विच' (NR4A1)?

वैज्ञानिकों ने शोध से यह पाया है कि जब हम कॉफी पीते हैं, तो इसके अंदर मौजूद विशेष तत्व हमारे शरीर में मौजूद एक रिसेप्टर (Receptor) को सक्रिय या 'ऑन' कर देते हैं। इस रिसेप्टर का तकनीकी नाम NR4A1 है। इसे आप हमारे शरीर की कोशिकाओं के अंदर मौजूद एक 'सुरक्षा स्विच' की तरह समझ सकते हैं।

वैज्ञानिक शोध से कॉफी के सेवन के फायदे पता चले हैं। ( विजुअल: Google Gemini AI)

यह स्विच काम कैसे करता है ?

तनाव से सुरक्षा: जब हमारे शरीर की कोशिकाएं (Cells) किसी भी प्रकार के मानसिक या शारीरिक तनाव, प्रदूषण या अंदरूनी चोट से गुजरती हैं, तो यह NR4A1 रिसेप्टर फौरन सक्रिय हो जाता है और कोशिकाओं को नष्ट होने से बचाता है।

सूजन (Inflammation) कम करना: शरीर के भीतर होने वाली अंदरूनी सूजन ही कैंसर, हार्ट अटैक और आर्थराइटिस जैसी गंभीर बीमारियों की जड़ होती है। यह स्विच इस सूजन को रोकने का काम करता है।

पोषक तत्व सेंसर (Nutrient Sensor): इस शोध के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. स्टीफन सेफ और उनकी टीम ने बताया कि यह रिसेप्टर एक 'न्यूट्रिएंट सेंसर' की तरह व्यवहार करता है। यानि, हम जो खाते-पीते हैं, यह उस पर नजर रखता है और अच्छे तत्वों के मिलते ही शरीर को बूढ़ा होने से रोकने वाली प्रक्रियाओं को तेज कर देता है।

वैज्ञानिकों का प्रयोग: शोध के दौरान जब लैबोरेट्री में कोशिकाओं से इस NR4A1 रिसेप्टर को हटाया गया, तो कॉफी के सारे सुरक्षात्मक प्रभाव गायब हो गए। कोशिकाओं को होने वाला नुकसान और ज्यादा बढ़ गया। इससे यह साबित हो गया कि कॉफी का पूरा जादू इसी एक स्विच के भरोसे टिका हुआ है।

वैज्ञानिक शोध में कॉफी पीने से उम्र बढने के फायदे मालूम हुए हैं। ( विजुअल: ChatGPT)

कैफीन नहीं, बल्कि कुछ और है असली हीरो!

जब भी कॉफी की बात आती है, तो इसे अच्छा मानने वालों के दिमाग में सबसे पहला नाम 'कैफीन' (Caffeine) का आता है। वो मानते हैं कि कैफीन ही शरीर को ऊर्जा देता है। लेकिन इस नए शोध ने इस धारणा को पूरी तरह से बदल कर रख दिया है।वैज्ञानिकों ने लैब टेस्ट में पाया कि कैफीन इस 'सीक्रेट स्विच' (NR4A1) से जुड़ता तो है, लेकिन यह उसे बहुत ज्यादा एक्टिव नहीं कर पाता। तो फिर असली हीरो कौन है?

भारत के खेतों में उगने से आपके हलक तक कॉफी पहुंचने का सफर। विजुअल: Google LLM and Gemini AI)

प्लांट बेस्ड कंपाउंड (Plant-based Compounds)

कॉफी में कैफीन के अलावा सैकड़ों अन्य प्राकृतिक तत्व होते हैं। इनमें सबसे पावरफुल पाए गए पॉलीहाइड्रॉक्सी और पॉलीफेनोलिक यौगिक, विशेष रूप से 'कैफिक एसिड' (Caffeic Acid)। ये तत्व पौधों से मिलने वाले प्राकृतिक एंटी-ऑक्सीडेंट्स हैं, जो फलों और सब्जियों में भी पाए जाते हैं। शोध में देखा गया कि कैफिक एसिड, कैफीन की तुलना में इस सुरक्षात्मक स्विच को कई गुना ज्यादा तेजी और मजबूती से एक्टिव करता है। यही कारण है कि पिछली कई बड़ी रिसर्च में यह देखा गया था कि चाहे व्यक्ति सामान्य कॉफी (Caffeinaterd) पिए या बिना कैफीन वाली (Decaf) कॉफी, दोनों ही सूरतों में सेहत को मिलने वाले फायदे तकरीबन एक जैसे होते हैं। अब इस नए शोध से साफ हो गया है कि बिना कैफीन वाली कॉफी भी उतनी ही असरदार क्यों होती है।

गंभीर बीमारियों से लड़ने में कैसे मिलती है मदद ?

बढ़ती उम्र के साथ इंसानी शरीर में कई तरह के विकार आने लगते हैं। इन्हें 'एज-रिलेटेड डिसीज' यानि उम्र से संबंधित बीमारियां कहा जाता है। टेक्सास ए एंड एम यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ वेटरनरी मेडिसिन एंड बायोमेडिकल साइंसेज (VMBS) के वैज्ञानिकों डॉ. रॉबर्ट चैपकिन, डॉ. रोजर नॉर्टन, डॉ. जेम्स काई और डॉ. शोशाना ईटन शामिल ने तंत्रिका तंत्र (Nervous System) के मॉडल्स पर इसका परीक्षण किया। इस शोध के अनुसार, कॉफी का यह कोशिकीय स्विच कई बीमारियों के जोखिम को कम करने की क्षमता रखता है:

  1. अल्जाइमर और पार्किंसंस (दिमागी बीमारियां)

उम्र बढ़ने पर दिमाग की कोशिकाएं कमजोर होकर मरने लगती हैं, जिससे भूलने की बीमारी (अल्जाइमर) या शरीर में कंपन (पॉलीसिमिया/पार्किंसंस) जैसी समस्याएं होती हैं। कॉफी के यौगिक मस्तिष्क की कोशिकाओं के NR4A1 रिसेप्टर को जगा कर उन्हें असमय मरने से बचाते हैं।

  1. कैंसर कोशिकाओं की धीमी रफ्तार

प्रयोगशाला के परीक्षणों में एक और अद्भुत बात सामने आई। जब कॉफी के इन सक्रिय तत्वों (जैसे कैफिक एसिड) को कैंसर प्रभावित कोशिकाओं पर आजमाया गया, तो उन्होंने न सिर्फ कोशिकाओं के नुकसान को कम किया, बल्कि कैंसर कोशिकाओं के बढ़ने की रफ्तार को भी धीमा कर दिया।

  1. मैटाबॉलिक डिसऑर्डर्स(Metabolic Disorders)

डायबिटीज और मोटापा जैसी बीमारियां हमारे खराब मेटाबॉलिज्म के कारण होती हैं। यह सीक्रेट स्विच शरीर में इंसुलिन की संवेदनशीलता सुधारने और ऊतकों (Tissues) की मरम्मत करने में मदद करता है।

भविष्य की दवाओं का रास्ता हुआ साफ

यह शोध सिर्फ कॉफी पीने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके दूरगामी परिणाम चिकित्सा विज्ञान में देखने को मिल सकते हैं। डॉ. स्टीफन सेफ की टीम अब इस रिसेप्टर को ध्यान में रखकर कुछ कृत्रिम या सिंथेटिक यौगिक (Synthetic Compounds) तैयार करने में जुटी हुई है।

टारगेट: ऐसे कैप्सूल या दवाइयां बनाना, जो कॉफी के नेचुरल एलीमेंट्स से भी सौ गुना ज्यादा ताकतवर तरीके से इस NR4A1 स्विच को टारगेट कर सकें।

फायदा: अगर यह प्रयोग सफल रहता है, तो भविष्य में कैंसर, असाध्य सूजन और बुढ़ापे की बीमारियों के लिए ऐसी सटीक दवाइयां बनाई जा सकेंगी, जिनके साइड इफेक्ट्स न के बराबर होंगे।

आजकल लोग खासकर कोल्ड कॉफी पीना बहुत पसंद करते हैं। (फोटो : ChatGPT)

यूथ कोल्ड कॉफी पीना ज्यादा पसंद करते हैं

-ब्लेंड या ठंडा होने में वक्त समय लगता है,मगर मजा आता है।

-अक्सर मलाईदार, झागदार और मीठी होती है।

-गर्मियों के मौसम के लिए ज्यादा बेहतर मानी जाती है।

-एस्प्रेसो शॉट, बर्फ और ठंडे दूध को ब्लेंडर में फेंटी जाती है।

-यूथ में कोल्ड ब्रू और फ्रेपे लाइफस्टाइल और फैशन सिंबल है।

-आइसक्रीम, चॉकलेट सिरप और व्हिप्ड क्रीम का इस्तेमाल होता है।

-कैफे स्टाइल बनाने के लिए ब्लेंडर या फ्रॉदर की जरूरत पड़ सकती है।

क्या आपको आज से ही ज्यादा कॉफी पीना शुरू कर देना चाहिए?

इस बेहद सकारात्मक शोध के बावजूद, वैज्ञानिकों ने एक जरूरी चेतावनी भी दी है। डॉ. सेफ का कहना है कि कॉफी एक बेहद जटिल रासायनिक मिश्रण है। इसमें केवल एक तत्व नहीं, बल्कि सैकड़ों तत्व एक साथ काम करते हैं।

इसलिए कॉफी प्रेमियों को इन बातों का ध्यान रखना चाहिए

आदतों में अचानक बदलाव न करें: यह शोध प्रयोगशाला के स्तर पर जैविक क्रियाविधियों (Biological Mechanisms) को समझने के लिए था। यह किसी व्यक्ति को अपनी वर्तमान डाइट बदलने की सलाह नहीं देता।

व्यक्तिगत संवेदनशीलता: हर इंसान का शरीर अलग होता है। किसी को कैफीन से नींद न आने की समस्या हो सकती है, तो किसी को एसिडिटी हो सकती है। इसलिए अपनी सेहत और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही इसका सेवन करें।

संतुलन जरूरी है: किसी भी चीज की अति नुकसानदेह होती है। कॉफी का फायदा तभी तक है जब तक इसे बिना अत्यधिक चीनी, हैवी क्रीम या सीरप के, सीमित मात्रा में लिया जाए।

कॉफी पीना और एक दूसरे को पिलाना खुशी और ताजगी का एहसास कराता है। (विजुअल: ChatGPT)

इंस्टेंट हॉट कॉफी पीने और पिलाने का चलन

-इसमें पाउडर सीधे मिलाया जाता है।

-फटाफट और आसानी से बन जाती है।

-गर्म पानी या दूध में सीधे मिला कर पीते हैं।

-गर्म परोसी जाती है और सर्दियों में अधिक चलन।

-इंस्टेंट कॉफी का स्वाद सीधा और ट्रेडिशनल होता है।

-इंस्टेंट कॉफी के लिए किसी उपकरण की आवश्यकता नहीं होती।

-इंस्टेंट कॉफी को अक्सर सिर्फ चीनी और दूध के साथ पिया जाता है।

आपको सेहतमंद और दीर्घायु बनाए रखेगी कॉफी

बहरहाल, लंबे समय से यह माना जाता था कि कॉफी स्वास्थ्य के लिए अच्छी है, लेकिन इसके पीछे का ठोस वैज्ञानिक कारण ढूंढना भूसे के ढेर में सूई ढूंढने जैसा था। टेक्सास ए एंड एम यूनिवर्सिटी के इस शोध ने आखिरकार हमें वह 'चेन' दे दी है, जिसकी मदद से हम यह समझ सकते हैं कि कुदरत ने हमारे खान-पान में कितनी ताकत छिपाई है। अगली बार जब आप अपने हाथ में कॉफी का कप लें, तो याद रखिएगा कि आप सिर्फ एक पेय नहीं पी रहे हैं, बल्कि अपने शरीर के अंदर छिपे उस नन्हे रक्षक 'स्विच' को जगा रहे हैं, जो आपको सेहतमंद और दीर्घायु बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे काम करता है!

Updated on:
19 Jul 2026 06:25 pm
Published on:
19 Jul 2026 06:22 pm