महासमुंद

बाइक बेचने पहुंचा था आरोपी, खुल गया 12 चोरी का राज, महासमुंद पुलिस ने मास्टरमाइंड को दबोचा

Mahasamund Bike Theft: महासमुंद जिले में बाइक चोरी के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बसना पुलिस ने चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे आरोपी को गिरफ्तार किया।
2 min read
Chhattisgarh News
आरोपी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Bike Theft Case: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में वाहन चोरी के एक बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। बसना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 12 मोटरसाइकिलें चोरी करना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई सभी 12 मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बसना के अलावा सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों में हुई बाइक चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ है।

बाइक चोरी की शिकायत से शुरू हुई जांच

पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत 11 अगस्त को हुई थी। नरेश डडसेना ने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल गढ़फुलझर से चोरी होने की शिकायत बसना थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को वाहन चोर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी

2 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी टिकेश्वर बाघ चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जगदीशपुर रोड पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई बाइक चोरी करने की बात कबूल की।

पांच थाना क्षेत्रों से चोरी की थीं 12 बाइक

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बसना, सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों से कुल 12 मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। चोरी की गई बाइकों को ग्राम सावित्रीपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखा गया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन मकान से 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद वाहनों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। महासमुंद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Updated on:
03 Sept 2026 07:51 pm
Published on:
03 Sept 2026 07:51 pm