महासमुंद

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018: मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ, कलक्टर ने किया निरीक्षण

इसी तारतम्य में जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है।
2 min read
• •
Updated: 17 Oct 2018, 6:02 PM IST
voters
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018: मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ, कलक्टर ने किया निरीक्षण

महासमुंद. विधानसभा निर्वाचन 2018 के सुव्यवस्थित संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हिमशिखर गुप्ता के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर व्यापक तैयारियां चल रही हैं।इसी तारतम्य में जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है।कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हिमशिखर गुप्ता ने वेडनर मेमोरियल हायर सेकंडरी स्कूल महासमुंद में पहुंचकर मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।


उन्होंने इस अवसर पर मतदान दलों के अधिकारियों से कहा कि वे इस प्रशिक्षण को गंभीरतापूर्वक लें।उन्होंने कहा कि मतदान संपन्न कराने संपूर्ण प्रक्रियाओं से मतदान दल अवगत होना सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी मतदान दल अधिकारी वीवीपैट एवं ईवीएम मशीन आदि के संचालन प्रक्रियाओं से विशेष रूप से अवगत हों और प्रशिक्षण के दौरान उसकी बारीकियों को सीख लें।इसके अलावा मॉक-पोल, सीआरसी आदि के बारे में भी विशेष जानकारी रखें।

पीठासीन अधिकारी पीठासीन की डायरी का गहन अध्ययन कर लें और मत पत्र लेखा भरने का भी अभ्यास सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी प्रकार की कठिनाई न हो। मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी के दायित्व, कर्तव्य, वीवीपैट युक्त ईवीएम मशीन के संचालन से लेकर सीलिंग एवं उसकी संपूर्ण प्रक्रियाओं के संबंध में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विस्तार से जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी, मतदान दल अधिकारी क्रमांक एक, दो एवं तीन को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण के तहत जिले के पांचों विकासखंड मुख्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इसके तहत महासमुंद विकासखंड में वेडनर मेमोरियल हायर सेकंडरी स्कूल महासमुंद में 16, 17 एवं 20 अक्टूबर 2018 को आयोजित किया जा रहा है। बागबाहरा विकासखंड में प्रतिभा पब्लिक स्कूल बागबाहरा में 16 एवं 20 अक्टूबर 2018 को आयोजित हो रहा है। पिथौरा विकासखंड में सेंट फ्रांसिस हायर सेकंडरी स्कूल पिथौरा में 16 एवं 17 एवं 20 अक्टूबर को आयोजित हो रहा है। बसना विकासखंड में शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल बसना में 16 एवं 17 अक्टूबर 2018 को आयोजित हो रहा है।

सरायपाली विकासखंड में सेंट विसेंट पालिटी इंग्लिस मिडियम स्कूल कुटेला सरायपाली में 16 एवं 17 अक्टूबर 2018 को आयोजित हो रहा है। सभी मतदान दलों को विकासखंड मुख्यालय के प्रशिक्षण में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है।

Published on: