महासमुंद

CG Board Result: मासिमं के इतिहास में पहली बार, महासमुंद के एक ही स्कूल के 7 टॉपर्स, बेटियों ने लहराया परचम

CG Board Result 2026: महासमुंद की बेटियों ने बोर्ड परीक्षा में परचम लहराया है। 10वीं में आठ और 12वीं की चार छात्राओं ने मेरिट में बनाया स्थान, 10 वीं में संध्या व परीरानी ने प्रथम स्थान हासिल ​किया..
2 min read
cg board mahasamund
महासमुंद के एक ही स्कूल के 7 टॉपर्स ( Photo - Patrika )

CG Board Result 2026: महासमुंद जिले में इस बार बोर्ड परीक्षा के नतीजों ने नई कहानी लिख दी है। मेहनत, लगन व आत्मविश्वास के दम पर बेटियों ने मेरिट सूची में अपना परचम लहराया है। ( CG News ) 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है।

CG Board Result 2026: 12 छात्र-छात्राएं मेरिट सूची में

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस वर्ष कुल 12 छात्र-छात्राओं ने मेरिट सूची में स्थान बनाया, जिसमें 10वीं से 8 और 12वीं से 4 छात्राएं शामिल हैं। खास बात यह रही कि इस बार भी मेरिट सूची में बेटियों का दबदबा कायम रहा। 10वीं कक्षा में एकलव्य अंग्रेजी मीडियम स्कूल, अर्जुंडा की संध्या नायक और एकलव्य अंग्रेजी मीडियम स्कूल बलौदा की परीरानी प्रधान ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया।

एक ही स्कूल के 7 टॉपर्स

10वीं के नतीजों में सबसे चौंकाने वाला और ऐतिहासिक प्रदर्शन महासमुंद के एकलव्य इंग्लिश स्कूल का रहा। इस विद्यालय के 7 छात्र-छात्राओं ने एक साथ टॉप-10 सूची में जगह बनाई है। जानकारों के अनुसार, माशिमं के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी एक स्कूल के विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में ऐसा एकतरफा वर्चस्व दिखाया हो।

अर्जुंडा स्कूल की ही रानू सिद्धिमयी साहू और रेणुका प्रधान ने दूसरा स्थान हासिल किया। चाहत चौधरी ने 98 प्रतिशत अंक के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया, जबकि टिशा साहू ने 97.83 प्रतिशत अंक लाकर आठवां स्थान हासिल किया। भारती और लता चौधरी ने 97.50 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से 10वां स्थान हासिल किया। इस बार प्रदर्शन काफी बेहतर रहा।

शहनाज और गीतिका ने बढ़ाया जिले का मान

12वीं कक्षा में भी छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। केजी कॉन्वेंट स्कूल, सरायपाली की शहनाज परवीन ने 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया। केपीआई स्कूल, सरायपाली की गीतिका प्रधान ने 97 प्रतिशत अंक के साथ सातवां स्थान हासिल किया। सरस्वती शिशु मंदिर, सरायपाली की पूर्वी देवांगन और एकलव्य स्कूल, सरायपाली की दिव्या अग्रवाल ने 96.60 प्रतिशत अंक लाकर संयुक्त रूप से नौवां स्थान हासिल किया।

जिला अधिकारी ने दी बधाई

जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम जिले की शिक्षा गुणवत्ता में हो रहे सुधार का संकेत है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों और छात्रों की मेहनत का ही यह परिणाम है और आने वाले वर्षों में इसे और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। देखा जाए तो महासमुंद जिले पिछले सत्र 2024-25 में जहां केवल 2 छात्रों ने मेरिट सूची में स्थान बनाया था और 12वीं में एक भी छात्र मेरिट में नहीं आ पाया था, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढकऱ 12 हो गई है। यदि 2023-24 के आंकड़ों पर नजर डालें तो उस समय 7 छात्र मेरिट में थे। इस लिहाज से लगातार सुधार देखने को मिल रहा है।

गर्व का विषय: लंगेह

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी सफल परीक्षार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने प्रेरित किया।

Updated on:
30 Apr 2026 12:26 pm
Published on:
30 Apr 2026 12:26 pm