महासमुंद

अचानक खेत में उतरा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर, ग्रामीणों को दी सौगात

खेत में उतरा हेलीकाप्टर, उमड़ पड़े ग्रामीण, तालाब के पार में लगाई चौपाल, समस्याएं सुनीं और किया निदान
3 min read
• •
Updated: 20 Mar 2018, 9:35 AM IST
Chhattisgarh election

महासमुंद. मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह प्रदेशव्यापी लोक सुराज अभियान के तहत सोमवार को अचानक महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम टुरीझर पहुंचे। ग्रामीणों को अपने गांव के आकाश में जैसे ही मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर नजर आया, किसान, मजदूर, महिलाएं, बच्चे तथा युवा उनकी ओर दौड़ पड़े। उनका हेलीकाप्टर एक खेत में उतरा।

मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ खेतों की मेड़ से पैदल चलकर तालाब के पार में निर्माणाधीन मंदिर परिसर पहुंचे जहां, पेड़ की छांव के नीचे चौपाल लगी और गांव वालों से बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। डॉ. सिंह ने गांव पहुंचकर वहां के ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं से उनके सुख-दुख और समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणजन भी उनके पास पहुंच कर अपने मन की बात कही। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में पूछा।

ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि गांव में 25 लोगों के प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं। भुगतान के बारे में पूछने पर ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत घरों में निर्मित शौचालयों में से कुछ शौचालयों की राशि बकाया है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बकाया राशि का भुगतान 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा यह बताए जाने पर कि गांव के तालाब सूख गए हैं और गहरीकरण की आवश्यकता है, मुख्यमंत्री ने तालाब गहरीकरण शुरू कराने को कहा। उन्होंने तालाब गहरीकरण करने, गांव में महिला सामुदायिक भवन बनाने तथा पुरानापारा में सीसी रोड के लिए पांच लाख मंजूर किए।

उन्होंने गांव के नीचेपारा में भी सीसी रोड बनवाने की घोषणा की। स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में तकलीफ बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने टुरीझर से डोकरपाली तक डामरीकृत सडक़ निर्माण की मंजूरी दी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि टुरीझर में स्टापडेम निर्माण का कार्य अधूरा है और कुछ मजदूरों को भुगतान भी शेष है।

इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को बुलाकर पूछा, जिस पर अधिकारी ने कहा कि कुछ लोगों का भुगतान बाकी है, जल्द ही कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन स्टापडेम को जून तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

टुरीझर वन प्रबंधन समिति को बांस के विक्रय से मिलने वाले लाभांश की राशि को 31 मार्च तक प्रदान करने के निर्देश दिए। चौपाल में समीप के गांव गांजर की युवाओं ने जब अपने गांव के लिए ओपन जिम की मांग की तो मुख्यमंत्री ने इसके लिए तत्काल 2 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। गांव की एक बालिका मीनाक्षी साहू ने बताया कि उसके दिल में छेद है तो मुख्यमंत्री ने कलक्टर को निर्देश दिया कि उसकी तत्काल समुचित जांच एवं इलाज कराई जाए।

टुरीझर चौपाल में क्षेत्रीय विधायक चुन्नीलाल साहू और टुरीझर सहित आसपास के गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जब क्षेत्रीय विधायक चुन्नीलाल साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से समीप के बड़े गांव तेन्दूकोना में कॉलेज खुल रहा है, और बजट में इसके लिए प्रावधान कर दिया गया है, तो सभी गांव वालों ने मुख्यमंत्री के सम्मान में ताली बजाकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्य सचिव अजय सिंह, मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष सचिव मुकेश बंसल, जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव एवं संचालक राजेश सुकुमार टोप्पो भी उनके साथ चौपाल में मौजूद थे। मुख्यमंत्री के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद कलक्टर हिमशिखर गुप्ता और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह भी वहां पहुंच गए।

सेल्समैन और पटवारी की शिकायत
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से उचित मूल्य की दुकान के सेल्समैन और पटवारी के बारे में शिकायत की। ग्रामीणों ने कहा कि सेल्समैन टाइम में दुकान नहीं खोलता। मुख्यमंत्री ने चौपाल में सेल्समैन के बारे में ग्रामीणों से मिली शिकायत को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों से सेल्समैन को तत्काल हटाने और राशन वितरण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पटवारी के संबंध में पूछने पर ग्रामीणों ने कहा कि पटवारी आफिस नहीं आता, बच्चों के आय-जाति प्रमाण-पत्र भी नहीं बन पा रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने गांव में शिविर लगाकर आय और जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के निर्देश भी दिए।

खेत, तालाब और मंदिर का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने टुरीझर में नागरिकों से मिलने के बाद समीप के खेत, तालाब और मंदिर का अवलोकन किया। प्यास लगने पर मुख्यमंत्री तालाब को भरे जा रहे ट्यूबवेल के पास पहुंचे और उसका पानी पीकर अपनी प्यास बुझाई। चूंकि मुख्यमंत्री अचानक पहुंचे थे और गांव से दूर अपनी चौपाल लगाई थी, इसलिए ग्रामीण चाय-पानी की व्यवस्था नहीं कर पाए।

Published on: