महासमुंद

छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल.. महासमुंद SP आशुतोष सिंह CBI में नियुक्त

IPS Transfer List: महासमुंद पुलिस अधीक्षक IPS अधिकारी आशुतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया है। जिले के नए एसपी IPS प्रभात कुमार होंगे..
2 min read
CG Police Promotion List
छत्तीसगढ़ पुलिस ( प्रतीकात्मक फोटो )

IPS Transfer List: छत्तीसगढ़ पुलिस प्रशासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। महासमुंद जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पद पर पदस्थ IPS अधिकारी आशुतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया है। उन्हें अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में पुलिस अधीक्षक के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में गृह विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मंगलवार को आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं।

IPS Transfer List: CBI में एसपी के रूप में देखें सेवाएं

जारी आदेश के अनुसार, केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद IPS आशुतोष सिंह को तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया गया है। वे अब CBI में एसपी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। राज्य पुलिस सेवा में आशुतोष सिंह को एक तेज-तर्रार, अनुशासित और सख्त अधिकारी के रूप में जाना जाता है।

महासमुंद में हुआ बेहतर काम

महासमुंद में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर विशेष फोकस रखा। नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी उनके द्वारा प्रभावी रणनीतियां अपनाई गईं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। उनके नेतृत्व में पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद बेहतर हुआ, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया।

IPS प्रभात कुमार होंगे महासमुंद के नए एसपी

वहीं, राज्य सरकार ने IPS प्रभात कुमार को महासमुंद जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। प्रभात कुमार इससे पहले भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव और क्षेत्रीय परिस्थितियों की गहरी समझ रखने वाले अधिकारी के रूप में उनकी पहचान है।

गृह विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह प्रशासनिक बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होगा। प्रभात कुमार जल्द ही महासमुंद में एसपी का पदभार संभालेंगे, जबकि आशुतोष सिंह को CBI में उनकी नई जिम्मेदारी के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।

पुलिस महकमे में इस फेरबदल को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चयन राज्य कैडर के अधिकारियों के लिए सम्मान की बात होती है। वहीं महासमुंद जिले में नए एसपी की तैनाती से पुलिसिंग व्यवस्था को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Updated on:
15 Dec 2025 07:19 pm
Published on:
15 Dec 2025 07:19 pm