
महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में वन विभाग की टीम ने रविवार को रायतुम के धनगांव में छापामार कार्रवाई करते हुए वन विकास निगम के चौकीदार के घर से 4 घन मीटर सागौन सहित मिश्रित प्रजाति की लकडिय़ां और 8 नग चितल के सींग बरामद किए। विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 49 एवं 1927 की धारा 26 के तहत अपराध दर्ज किया है। जब्त लकडिय़ों की कीमत करीब चार लाख रुपए आंकी गई है।
रेंजर विश्वनाथ मुखर्जी ने बताया मुख्य वनमंडलाधिकारी अरूण पांडे को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धनगांव रायतुम के देवेन्द्र ठाकुर पिता दरियाव सिंह (37) के घर में सागौन सहित मिश्रित प्रजाति की लकडिय़ा व वन्य प्राणी का सींग रखा है। वह वन विकास निगम रवान में चौकीदार के पद पर पदस्थ है।
सूचना मिलते ही पांडे ने कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। टीम ने चौकीदार देवेन्द्र ठाकुर के घर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान उनके घर से सागौन व मिश्रित प्रजाति की लकड़ी और बोरे में रखे चीतल के सींग मिले। मुखर्जी ने बताया कि लकड़ी घर का दरवाजा बनाने के लिए रखा था। इस कार्रवाई में वनपाल राकेश सिंह परिहार, सुरेश कुमार गजेन्द्र, नवरक्षक दवेलाल ध्रुव, नंदलाल बरिहा, द्र्रुपत कन्नौजे, भजन डड़सेना, सतीश सिन्हा, जगतू सिंह ठाकुर,जगतू सिंह ठाकुर एवं अकाश बेहार शामिल थे।
रेंजर विश्वनाथ मुखर्जी ने बताया कि आरोपी के घर से लकडिय़ों का पंचनामा तैयार कर जब्त किया गया है। आरोपी ने विभाग को अभी तक इन लकडिय़ों की कागजात पेश नहीं किया है। इसलिए इन्हें पिथौरा डिपो भेजकर नीलामी की कार्रवाई की जाएगी।
वनपरिक्षेत्र अधिकारी मुखर्जी ने बताया कि चीतल के सींग वर्ष में एक बार गिरता है। चौकीदार इसे उठाकर घर में रखा था। चौकीदार के घर से ८ सींग बरामद हुए है। एक सींग चितल की खोपड़ी सहित मिली है, इसमें आशंका है कि शिकार किया होगा। जिसकी जांच चल रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि तेंदूएं के शिकार से चीतल की मौत हो गई थी, इसके बाद सींग को उठाकर घर ले आया। सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।