महासमुंद

Job at Aadhaar Center: महासमुंद में 14 आधार केंद्रों के लिए निकली भर्ती, 12वीं पास युवाओं को मौका, 31 अगस्त तक करें आवेदन

Aadhaar Operator Recruitment: महासमुंद में 14 आधार केंद्रों के संचालन के लिए आधार संचालक और ऑपरेटरों की भर्ती निकली है। 12वीं पास व कंप्यूटर डिग्री-डिप्लोमा वाले जिले के युवा 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
2 min read
Aug 11, 2026
Aadhaar Recruitment 2026
14 आधार केंद्रों के लिए निकली भर्ती (Photo AI image)

Aadhaar Recruitment 2026: महासमुंद जिले के 14 शासकीय परिसर (ग्रामीण क्षेत्रों) में इन हाउस माॅडल अंतर्गत आधार केंद्रों के संचालन के लिए 14 आधार संचालक/ऑपरेटरों का चयन किया जाएगा। जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, महासमुंद द्वारा इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आधार केंन्द्र का संचालन विकासखण्ड महासमुंद के शासकीय कार्यालय पटेवा और सिरपुर, बागबाहरा के खम्हरिया तेंदुकोना और नर्रा, पिथौरा के बोईरडीह, टेका और खुटेरी, बसना के गढ़फुलझर, भंवरपुर और बड़ेसाजापाली तथा विकासखण्ड सरायपाली के कार्यालय छुईपाली, बलौदा और पाटसेंद्री में किया जाएगा।

12वीं परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक

आधार संचालक/ऑपरेटर हेतु पात्रता के लिए अभ्यर्थी का कम से कम 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है तथा वर्तमान में किसी संस्था का नियमित विद्यार्थी नहीं होना चाहिए। इसके साथ कंप्यूटर संबंधी डिग्री, डिप्लोमा होना आवश्यक है। आवेदक को महासमुंद जिले का मूल निवासी होना अनिवार्य है। एक अभ्यर्थी केवल एक शासकीय कार्यालय के लिए आवेदन कर सकेगा। चयनित अभ्यर्थी को NSEIT की ईए सुपरवाइजर ऑपरेटर परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद यूआईडीएआई द्वारा पंजीयन नंबर प्रदान किया जाएगा। साथ ही चयनित अभ्यर्थी को अनुबंध के समय 1 लाख 50 हजार रुपये की डीडी जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, महासमुंद के पक्ष में सुरक्षा निधि के रूप में जमा करना होगा।

31 अगस्त सकते है आवेदन

चयनित आधार ऑपरेटरों को अपने निर्धारित शासकीय कार्यालय में कार्यालयीन दिवस, समयानुसार स्वयं उपस्थित होकर अपनी सेवाएं प्रदान करना होगा। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय कलेक्टर, जिला महासमुंद, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, कक्ष क्रमांक 22 (सीजी स्वान कक्ष), बी.टी.आई. रोड, जिला महासमुंद, पिन-493445 के पते पर स्पीड पोस्ट से भेजे जा सकेंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में आधार सेवाओं को मिलेगा विस्तार

जिले के 14 ग्रामीण शासकीय परिसरों में आधार केंद्र शुरू होने से स्थानीय लोगों को आधार से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं, इन केंद्रों के संचालन के लिए 14 स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर भी मिलेगा। जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी की इस पहल से एक ओर जहां ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल और आधार सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर पात्र युवाओं को आधार ऑपरेटर के रूप में काम करने का अवसर मिलेगा।

Updated on:
11 Aug 2026 05:23 pm
Published on:
11 Aug 2026 05:23 pm