महासमुंद

इस जिले में तीन दिनों में पूरा होगा स्काई योजना का लक्ष्य, कलक्टर ने दिए निर्देश

तीन दिनों में 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लें एवं सभी प्राप्त आवेदनों की इंट्री करना सुनिश्चित करने का लक्ष्य
2 min read
• •
Updated: 18 Jul 2018, 12:37 PM IST
sky yojana
इस जिले में तीन दिनों में पूरा होगा स्काई योजना का लक्ष्य, कलक्टर ने दिए निर्देश

महासमुंद. कलक्टर हिमशिखर गुप्ता ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में चल रहे निर्माणमूलक एवं विकासमूलक गतिविधियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलक्टर ने कहा कि आगामी 28 जुलाई से 4 अगस्त तक वृक्षारोपण सप्ताह मनाया जाएगा। इसके लिए वन विभाग एवं उद्यानिकी विभाग आवश्यक एवं पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने अन्य शासकीय विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत शासकीय भवनों के प्रांगण, विद्यालय, महाविद्यालय भवन, पंचायत भवन सहित हॉस्टल, आश्रमों में पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारी आवश्यकता के अनुरूप पौधों की मांग की सूची वन विभाग को उपलब्ध कराएं। बैठक में कलक्टर ने स्काई योजना के समीक्षा की।

उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं सीएमओ सहित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इसके लिए विशेष रूप से निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों में 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लें एवं सभी प्राप्त आवेदनों की इंट्री करना सुनिश्चित करें। इनमें मनरेगा जाब कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, स्मार्ट कार्ड आदि की इंट्री करना भी सुनिश्चित करें।

कलक्टर ने मुख्यमंत्री पेंशन योजना की समीक्षा की। इस योजना से सामाजिक, आर्थिक एवं जाति जनगणना 2011 की सर्वे सूची के आधार पर सूचीबद्ध वरिष्ठ नागरिकों एवं विधवा परित्यक्त महिलाओं को लक्षित किया गया है। इसके तहत जिले में लगभग 17 हजार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने इस संबंध में सभी संबंधितों को 50 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में उन्होंने कहा कि आश्रम एवं छात्रावासों की सीट खाली नहीं रहनी चाहिए, इसके लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग एवं शिक्षा विभाग आपसी समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान फेस-2 के तहत जिले के चयनित ग्रामों में विभिन्न योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, मिशन इंद्र धनुष सहित अन्य योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करने के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की।

Published on: