Mahasamund Police: महासमुंद में एक बार फिर करोड़ों रुपए का गांजा जब्त हुआ है। सिंघोड़ा पुलिस ने महाराष्ट्र के दो तस्कर को 226 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है..
Mahasamund Police: महासमुंद जिले में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 226.600 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बता दें कि पुलिस ने यह कार्रवाई एनएच-53 स्थित ग्राम गनियारीपाली के पास सिल्की ढाबा के सामने की गई।
जानकारी के अनुसार, एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को गांजे की तस्करी को लेकर मुखबिर से सूचना मिली थी। जिसके बाद अलर्ट हुई सिंघोड़ा पुलिस ने इलाके में आने-जाने वाले वाहनों की जांच तेज कर दी। इधर एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को भी सूचना मिलने के बाद संदिग्ध वाहनों की संयुक्त जांच शुरू कर दी। दोनों विभागों के संयुक्त प्रयासों से एनएच-53 पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक पिकअप वाहन को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके डाले में खाली कैरेट के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 226.600 किलो गांजा जब्त कर लिया। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त गांजे की बाजार कीमत 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपए बताई जा रही है, जबकि वाहन और मोबाइल समेत कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों के महाराष्ट्र निवासी होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
महासमुंद में लगातार नशे के सौदागारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई हो रही है। बीते महीने अप्रैल में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ से ज्यादा का अफीम डोडा पकड़ा था। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई में अंतरराज्यीय तस्करी का पर्दाफाश किया। बता दें कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते से गांजा की सप्लाई होती है। पढ़ें पूरी खबर…