Arang Road Accident: महासमुंद जिले के आरंग थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
CG Big Accident: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के आरंग थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष देवांगन, राहुल देवांगन और थानू किसी काम से आरंग से महासमुंद जा रहे थे। वापसी के दौरान उनकी टाटा विस्टा कार नदी मोड़ के पास रेलिंग तोड़ते हुए डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। मृतकों की उम्र लगभग 20 से 22 साल के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार मानी जा रही है। दर्दनाक हादसे के बाद परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं। मृतकों के परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
इससे पहले गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में भी एक सड़क हादसा हुआ था। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई थी, जिसमें पुष्पेंद्र साहू और अन्नू साहू की मौत हो गई, जबकि रिंकी साहू गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। गोबरा नवापारा पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।