
महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक युवक आरोपी की घर में मौत होने का मामला सामने आया है। आर्मी में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी एवं बाइक लुटने के आरोप में पिछले तीन वर्षों से फरार आरोपी की उसके घर में ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घर पहुंची। मर्ग व पीएम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया बीमारी से मौत बता रही है, वहीं पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा होगा।
सुबह हो चुकी थी मौत
बसना थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि तोषगांव बसना के वरूण भोई पिता सफेद भोई (24) के खिलाफ बसना थाना में वर्ष 2016 से धारा 420 एवं 394 के तहत अपराध दर्ज है। मृतक बुधवार को घर आया और घर का दरवाजा खटखटाकर सामने बैठ गया। जब उनके परिजनों ने दरवाजा खोला तो देखा कि वरूण बैठा हुआ था। जिसे घर अंदर ले गए और सुला दिए। सुबह परिजनों के आवाज लगाने पर वरूण नहीं उठा। उसकी मौत हो गई थी।
इस घटना आनन-फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक वरूण का पीएम कराने चिकित्सालय ले गए। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा।
इधर, पुलिस का कहना है कि आरोपी को अंदरुनी बीमारी थी। मृतक के शरीर में किसी प्रकार के चोट का निशान नहीं हैं। इसकी मौत बीमारी से होना प्रतीत हो रहा है।