महासमुंद

अवैध होर्डिंग हटाने नगर पालिका ने चलाया अभियान, संचालकों को मिला नोटिस

नगर में कुछ होर्डिंग्स संचालकों को नोटिस जारी किया गया है
less than 1 minute read
Sep 20, 2018
mahasamund
अवैध होर्डिंग हटाने नगर पालिका ने चलाया अभियान, संचालकों को मिला नोटिस

महासमुंद. नगरीय निकायों में अब अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई की जाएगी। नगर में कुछ होर्डिंग्स संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। शहर में कुल ४२ होर्डिंग्स हैं, इनमें से १५ हटाए जाएंगे। तीन रेलवे की जमीन पर है, इस पर अभी निर्णय नहीं लिया गया है।

ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले कलक्टर हिमशिखर गुप्ता ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को अवैध होर्डिंग्स हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। महासमुंद नगर पालिका के जिम्मेदारों ने होर्डिंग संचालकों को नोटिस देना भी शुरू कर दिया है। हालांकि, कुछ संचालकों ने स्वेच्छा से होर्डिंग्स हटा दिया है। जानकारी के मुताबिक नगर में बैनर और होर्डिंग्स लगाने के पहले नगर पालिका में इसका किराया जमा करना पड़ता है। वर्तमान में कई लोग पालिका में किराया जमा कराए बिना ही चौक-चौराहे पर होर्डिंग लगा लिए हंै। इससे शहर की सूरत भी बिगड़ रही है।

नगर पालिका भी समय-समय पर कार्रवाई नहीं करती है। किसी बड़े नेता के आगमन और सभा के पहले नगर पालिका को अवैध होर्डिंग्स की याद आती है। पिछले दिनों अटल विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री की सभा के पहले शहर से होर्डिंग हटा दिए गए थे। अब चुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन इन्हें हटाने का निर्देश दे चुका है। वहीं कुछ संचालक अभी भी होर्डिंग नहीं हटाने की जिद में भी हैं। कलक्टर के निर्देश के बाद अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है।

शहर के विद्युत पोल और स्ट्रीट लाइटों के विद्युत पोल में भी होर्डिंग लगे हुए हैं। जिस पर अभी तक पालिका का ध्यान नहीं गया है। इसके अलावा दुकानों के बाहर भी स्थाई रूप से होर्डिंग लगाकर रखे गए हैं, जिसे हटाया नहीं जा सका है। इसके अलावा कुछ पेड़ भी होर्डिंग से अटे हुए हैं।

बीआर साहू, एई, नगर पालिका

Updated on:
20 Sept 2018 04:16 pm
Published on:
20 Sept 2018 08:00 pm