महासमुंद

वित्तीय वर्ष हुआ समाप्त लेकिन नगर पालिका के बजट का अता – पता नहीं

वित्तीय वर्ष बीत चुका है, लेकिन नए वित्तीय वर्ष के लिए नगर पालिका महासमुंद के बजट का अता-पता नहीं है।

2 min read
Apr 06, 2018

महासमुंद. वित्तीय वर्ष बीत चुका है, लेकिन नए वित्तीय वर्ष के लिए नगर पालिका महासमुंद के बजट का अता-पता नहीं है। राजनीतिक खींचातानी और प्रशासनिक उदासीनता के चलते पिछले कुछ साल से पालिका का बजट समय पर पेश नहीं हो रहा। शहर में विकास कार्यों पर ग्रहण लगा हुआ है। शहर की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नई कार्ययोजनाएं बनाने में पालिका प्रशाासन नाकाम तो दिख ही रहा है, पिछले बजट में शामिल रहे कई विकास कार्यों को भी अब तक धरातल पर नहीं उतरा जा सका है।

शहर की जनता बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में सुधार के साथ ही विकास के उन सोपानों की प्रतिक्षा में हैं, जिसका सपना दिखाया जाता रहा है। उम्मीदें बहुत हैं, लेकिन पालिका परिषद का रवैया निराश कर रहा है। केंद्र व राज्य सरकार की तर्ज पर नगर पालिका द्वारा भी आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए आगामी वित्तीय वर्ष में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा और उनके लिए बजटीय प्रावधान प्रस्तुत किया जाता है। सामान्यत: यह बजट का मार्च महीने के अंतिम सप्ताह तक पूरा हो जाता है, लेकिन पिछले दो वर्षों से नगर पालिका परिषद गंभीर नहीं है।

पिछले बजट के कार्यों का अब लग रहा टेंडर

नपाध्यक्ष का कहना है कि मछली मार्केट का सौंदर्यीकरण, रेलवे स्टेशन रोड डिवायर का पुनर्निर्माण, इंडोर स्टेडियम, सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड, पाइपलाइन का विस्तारीकरण, चौपाटी, संजय कानन का सौंदर्यीकरण, रामलीला मैदान में शेड निर्माण जैसे कई निर्माण कार्य वर्ष 2017-18 के बजट में पेश किए गए थे। इन सभी का टेंडर लग चुका है। स्वीकृति ओदश मिलते ही कार्य शुरू हो जाएगा। इस वर्ष बजट में मौहारीभाठा से त्रिमूर्ति कॉलोनी बायपास मार्ग एवं नहर लिंकिंग रोड निर्माण को शामिल किया जाएगा।

बस स्टैंड के लिए नहीं ढूंढ पाए जगह

साढ़े चार करोड़ की लागत से शहर में सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, इसके लिए पालिका के खाते में राशि भी जमा है, लेकिन जगह नहीं मिलने के कारण यह अधर में लटका हुआ है। इधर नगरीय प्रशासन विभाग ने जगह खरीदने के लिए पालिका को 1 करोड़ की राशि और दी है।

बजट की तिथि ही तय नहीं

पालिका ने अब तक बजट प्रस्तुत करने की तिथि ही तय नहीं की है। नपाध्यक्ष का कहना है कि पालिका वर्ष 2017 -18 का बजट कुछ ही दिनों में प्रस्तुत होने वाला है। इसके लिए तैयारी चल रही है। एजेंडा तैयार किया जा रहा है। 13 -14 एजेंडा तैयार हो चुका है। जल्द ही तिथि तय कर बजट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए पहले पीआईसी की बैठक होगी। कुछ ही दिनों में पीआईसी की बैठक होने के बाद बजट प्रस्तुत किया जाएगा।

नपाध्यक्ष महासमुंद पवन पटेल ने बताया कि बजट की तैयारी चल रही है। पीआईसी की बैठक के बाद बजट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए एजेंडा तैयार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

ये है रमन की मधुशाला, बच्चों के साथ महिलाओं ने बताया अपना दर्द, लगाए सरकार के खिलाफ नारे
Published on:
06 Apr 2018 05:00 pm
Also Read
View All