CG Ganja Smuggling: महासमुंद जिले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा से अवैध गांजा भरकर मध्यप्रदेश ले जा रहे दो तस्करों को सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया।
CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा से अवैध गांजा भरकर मध्यप्रदेश ले जा रहे दो तस्करों को सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 35 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 17 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे-53 स्थित रेहटीखोल के पास एक कार के जरिए गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से नाकेबंदी की। संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर पीछे की सीट में बने गुप्त चेंबर से गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम पंकज राठौर और हेमंत सिंह तोमर बताया। दोनों मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के निवासी हैं और गांजा खेप को एमपी ले जाने की तैयारी में थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी (दो)(सी) और 29-1 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जब्त सामग्री में 35 किलो गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार शामिल है। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने 68 लाख रुपए मूल्य का गांजा जब्त किया था। उस कार्रवाई में 8 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें एक महिला आरोपी भी शामिल थी। पुलिस का कहना है कि अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।